बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने वकील फैजान खान को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। नोटिस के बाद भी आरोपी बांद्रा पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचा था। आज उसे रायपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले वकील ने कहा था कि, उसका फोन गुम हो चुका है। उसे जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है। वकील ने शाहरुख खान की एक फिल्म के डायलॉग पर आपत्ति जताई थी, जिसमें शाहरुख ने कहा था कि, हिरण को पकाकर खा लो। उन्हें हिरण का शिकार करने में मजा आता है। फैजान ने इसकी शिकायत मुंबई और जोधपुर में की थी, जिसमें बताया कि, हिरण को बिश्नोई समाज पूजता है। इस डायलॉग से उनकी आस्था को ठेस पहुंची है। पूछताछ में नहीं किया बांद्रा पुलिस का सहयोग फैजान खान को मुंबई पुलिस ने 7 नवंबर को पूछताछ के लिए नोटिस दिया था, जिसमें फैजान को कहा गया था कि 11 नवंबर को बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उससे शाहरुख खान को फोन से मिली धमकी और 50 लाख रुपए मांगने के मामले में पूछताछ होनी थी। लेकिन 11 नवंबर को फैजान बांद्रा पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचा। जिस वजह से 12 नवंबर यानि आज उन्हें रायपुर से मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की तैयारी हो रही है। क्या है शाहरुख को मारने की धमकी का मामला ? मामले की शुरुआत मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन पर आए एक फोन कॉल से हुई। अनजान कॉलर ने फोन पर धमकी देकर फिरौती मांगी। कॉलर ने कहा कि उसे 50 लाख रुपए चाहिए। वरना वो शाहरुख खान को जान से मार देगा। इसके बाद मुंबई पुलिस एक्शन मोड पर आई। मुंबई से तीन पुलिस अफसर रायपुर पहुंचे। बुधवार 6 नवंबर की रात वे रायपुर के होटल में रुके। तड़के उन्होंने पंडरी एरिया में मोबाइल सिम की लोकेशन देखने के बाद फैजान के घर गए। धमकी भरे कॉल के संबंध में करीब 2 घंटे पूछताछ की। गुम हुए मोबाइल से दी गई धमकी इस दौरान पूछताछ में फैजान ने बताया कि उसका मोबाइल 2 नवंबर को गुम हो गया था, जिसकी शिकायत उसने 4 नवंबर को खम्हारडीह थाने में कराई थी, जबकि बांद्रा पुलिस स्टेशन में फोन कॉल 5 नवंबर को गया था। थाने में शिकायत की कॉपी दिखाने के बाद फैजान को छोड़ा गया। दोबारा पूछताछ के लिए 14 नवंबर को मुंबई बुलाया है। फैजान ने कहा- मैंने शाहरुख के खिलाफ शिकायत की थी वकील फैजान खान ने दैनिक भास्कर में खुलासा करते हुए कहा था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक रील देखी। ये शाहरुख खान की 1994 में रिलीज हुई अंजाम फिल्म की क्लिप थी, जिसमें एक सीन में वह हाथों में बंदूक लिए एक हिरण का शिकार करके आ रहे हैं। इस दौरान वह अपने नौकर हरि सिंह को कह रहे हैं कि गाड़ी में एक हिरण पड़ा हुआ है, उसे पकाकर खा लो, तभी फिल्म में एक अभिनेत्री शाहरुख खान से कहती हैं कि वह क्यों बेगुनाह जानवरों को मारता है। इस पर शाहरुख खान कह रहे हैं कि उन्हें अच्छा लगता है, बहुत मजा आता है। शाहरुख ने दंगा भड़काने की कोशिश की फैजान ने शिकायत में अंजाम फिल्म की सीन के बारे में बताते हुए कहा था कि शाहरुख खान एक विशेष धर्म से आते हैं। वे बिश्नोई समाज को ठेस पहुंचाकर दंगा भड़काना चाहते हैं। उन्होंने पुलिस से दो समुदाय के बीच दरार डालने को लेकर राजस्थान के जोधपुर के मथानिया थाना और मुंबई पुलिस कमिश्नर समेत बांद्रा पुलिस को अक्टूबर में शिकायत दी थी। मुझे फंसाने की साजिश मामले में फैजान ने बताया था कि धमकी भरे फोन में उनके सिम का इस्तेमाल हुआ है। उन्हें आशंका है कि फंसाने के लिए ये एक साजिश है। उन्होंने रायपुर SSP संतोष सिंह से मामले की शिकायत की है, जिसमें उन्होंने परिवार और खुद की जान को खतरा बताया है। 2023 में भी मिली थी धमकियां, बढ़ाई गई थी सिक्योरिटी साल 2023 में शाहरुख खान को पठान और जवान फिल्म की कामयाबी के बाद लगातार धमकियां मिल रही थीं। मामले की शिकायत दर्ज होने पर सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें Y प्लस सिक्योरिटी दी गई थी। तब से ही शाहरुख खान हर जगह टाइट सिक्योरिटी के साथ ही जाते हैं। 59वें बर्थडे पर इवेंट का हिस्सा बने थे शाहरुख 2 नवंबर को शाहरुख खान ने 59वां जन्मदिन मनाया है। हर साल वो जन्मदिन पर फैंस से मिलने मन्नत की बालकनी पर आते हैं। हालांकि इस साल सिक्योरिटी के मद्देनजर शाहरुख बालकनी में नहीं आए। हालांकि वो शाम करीब 6 बजे बांद्रा स्थित रंग मंदिर ऑडिटोरियम में आयोजित हुए एक इवेंट का हिस्सा बने थे। ……………………… शाहरुख खान को धमकी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें 1. शाहरुख को धमकी का मामला बिश्नोई समाज से जुड़ा:रायपुर में वकील बोला-अंजाम फिल्म में हिरण को पकाकर खाने के डॉयलॉग से समुदाय आहत बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी मामले में नया मोड़ सामने आया है। मुंबई पुलिस जिस व्यक्ति से पूछताछ करने रायपुर आई थी, उसने आरोप लगाया है कि शाहरुख खान के खिलाफ हिरण मामले में शिकायत करने पर उन्हें फंसाया जा रहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर 2. शाहरुख खान को मारने की धमकी देने वाला रायपुर का:छत्तीसगढ़ पहुंची मुंबई पुलिस, एडवोकेट के फोन से 50 लाख की फिरौती मांगी बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपी की लोकेशन रायपुर के पंडरी इलाके में ट्रेस हुई। मुंबई पुलिस के मुताबिक जिस नंबर से धमकी दी गई है, वह रायपुर के फैजान खान (42) के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस फैजान खान के घर रायपुर पहुंची और पूछताछ की। यहां पढ़ें पूरी खबर
