वर्ल्ड अपडेट्स:श्रीलंका में चक्रवात दितवाह से अब तक 627 की मौत, सैकड़ों लापता

श्रीलंका में चक्रवात दितवाह से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अब तक 627 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग अभी भी लापता हैं। चक्रवात के कारण लगातार बारिश, बाढ़ और भूस्खलनों ने कई इलाकों को तबाह कर दिया है। देश के डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर (DMC) के अनुसार, सभी 25 जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और लाखों लोग संकट का सामना कर रहे हैं। कई नदियों का जलस्तर ऐतिहासिक स्तर तक बढ़ गया है, जिससे कई कस्बे पूरी तरह डूब गए हैं। बचाव टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार तलाश और राहत कार्य में जुटी हुई हैं, जबकि सरकार ने घरों के नुकसान का आकलन शुरू करने की तैयारी कर ली है। इस बीच, भारत भी ऑपरेशन ‘सागर बंधु’ के तहत श्रीलंका की सहायता कर रहा है। भारतीय सेना की मेडिकल टीम और फील्ड हॉस्पिटल लगातार प्रभावित लोगों का इलाज कर रहे हैं और जरूरी सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय घटनाओं से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… अफ्रीकी देश बेनिन में तख्तापलट की कोशिश नाकाम, सेना के एक गुट ने विद्रोह किया था अफ्रीकी देश बेनिन में रविवार को सेना के एक छोटे समूह ने तख्तापलट की कोशिश की। सेना के एक समूह ने देश की सरकार को भंग करने और राष्ट्रपति को पद से हटाने का दावा किया। लेकिन देश के गृह मंत्री अला साने सिदू ने फेसबुक पर वीडियो जारी कर कहा कि यह विद्रोह नाकाम कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बेनिन की सेना देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बेनिन में राष्ट्रपति पैट्रिस टैलॉन 2016 से सत्ता में हैं। नवे अगले साल अप्रैल में होने वाले चुनाव के बाद पद छोड़ने वाले थे। उनके पार्टी उम्मीदवार, पूर्व वित्त मंत्री रोमुआल्ड वाडाग्नी, चुनाव के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। बेनिन ने 1960 में फ्रांस से स्वतंत्रता प्राप्त की थी। तब से देश में कई बार तख्तापलट और सेना के विद्रोह हो चुके हैं। पिछले कुछ दशकों में देश राजनीतिक रूप से स्थिर रहा था। सिंगर कैटी पेरी ने जस्टिन ट्रूडो के साथ रिलेशनशिप की घोषणा की, इंस्टाग्राम पर जापान टूर के फोटो शेयर किए अमेरिकी सिंगर कैटी पेरी और कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो रिलेशनशिप में है। पेरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीर शेयर करते हुए रिश्ते की घोषणा की, जिनमें ट्रूडो भी दिखाई दे रहे हैं। ये तस्वीरें उनकी हालिया जापान यात्रा की हैं। एक तस्वीर में, पेरी और ट्रूडो साथ दिखाई दे रहे हैं। फोटो के कैप्शन में पेरी ने लिखा, “टोक्यो टाइम्स ऑन टूर एंड मोर।” इसी बीच उनकी एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ नजर आ रहे हैं। दरअसल, किशिदा ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की, जिसमें वह अपनी पत्नी के अलावा जस्टिन ट्रूडो और कैटी पेरी के साथ दिखाई दे रहे हैं। इस फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री ट्रूडो अपने साथी के साथ जापान आए और हमारे साथ लंच किया। जस्टिन ट्रूडो ने इस पोस्ट को री-शेयर करते हुए लिखा, कैटी और मैं आपके और युको के साथ समय बिताकर बहुत खुश थे। अलास्का-युकोन बॉर्डर पर भूकंप के झटके, 7.0 रही तीव्रता अलास्का और कनाडा के युकोन बॉर्डर के पास शनिवार को 7.0 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं हुई और न ही किसी तरह के बड़े नुकसान की खबर मिली। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे के अनुसार भूकंप जूनो (अलास्का) से करीब 370 किमी दूर और युकोन के व्हाइट-हॉर्स से लगभग 250 किमी पश्चिम में आया। ग्रीस के क्रीट आइलैंड में हवा वाली नाव डूबी, 18 माइग्रेंट्स की मौत; 2 को बचाया गया ग्रीस के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि क्रीट आइलैंड के दक्षिण में एक हवा वाली नाव पलट गई। इससे भूमध्य सागर पार करने की कोशिश कर रहे कम से कम 18 माइग्रेंट्स की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि आधी डूबी हुई नाव शनिवार को एक गुजरते हुए तुर्की के व्यापारी जहाज ने ढूंढ ली। दो बचे हुए लोगों को बचा लिया गया और और लोगों को ढूंढने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों को अभी तक यह पता नहीं चला है कि यह नाव कहां से आई थी। यूरोप की बॉर्डर एजेंसी फ्रोंटेक्स का एक जहाज और एक प्लेन, ग्रीक कोस्ट गार्ड का एक हेलिकॉप्टर और तीन व्यापारिक जहाज मिलकर इसकी तलाश कर रहे हैं। ग्रीस, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और एशिया के कई लोग लड़ाई और गरीबी से बचकर यूरोप जाना चाहते हैं, लेकिन यह सफर बहुत खतरनाक होता है। पहले लोग तुर्की से ग्रीस के पास छोटे और खराब नावों में समुद्र पार करते थे, लेकिन कड़ी गश्त होने के बाद यह रास्ता कम हो गया। अब हाल ही में लीबिया से क्रीट पहुंचने वालों की संख्या बढ़ी है। क्वाड देशों ने दिल्ली ब्लास्ट के गुनहगारों को सजा दिलाने की मांग की क्वाड देश भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका ने दिल्ली ब्लास्ट के आतंकियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। सभी UN सदस्य देशों से ऐसा करने में सहयोग करने की अपील की। 4–5 दिसंबर को दिल्ली में हुई क्वाड की तीसरी काउंटर टेररिज्म मीटिंग में सभी देशों ने आतंकवाद की कड़ी निंदा की और 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए हमले पर दुख जताया। मीटिंग में इस बात पर जोर दिया गया कि आतंकवाद से लड़ने के लिए मिलकर काम करना जरूरी है। सभी देशों ने कहा कि अपराधियों, हमले की योजना बनाने वालों और फंड देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। क्वाड देशों ने आगे भी साथ मिलकर काम करने और 2026 में अगली मीटिंग करने का वादा किया। 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए धमाके में 15 लोग मारे गए थे और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। NIA इसकी जांच कर रही है।

More From Author

वेकफिट इनोवेशन का IPO कल से ओपन होगा:इश्यू से ₹1,288 करोड़ जुटाएगी, 10 दिसंबर तक निवेश का मौका; मिनिमम इन्वेस्टमेंट ₹14,820

छत्तीसगढ़ इवनिंग बुलेटिन:2 लड़कियों की जमकर पिटाई, 5 दोस्तों की मौत, करणी सेना का प्रदर्शन, मंदिर में घुसा हाथी, VIDEO में 10 बड़ी खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *