वर्ल्ड अपडेट्स:फ्रांस में 3 नाबालिग लड़कों पर 12 साल की यहूदी लड़की के गैंगरेप का आरोप, मुकदमा शुरू

फ्रांस में तीन नाबालिग लड़कों के खिलाफ एक यहूदी लड़की से गैंगरेप के आरोप में मुकदमा शुरू हो गया है। इन लड़कों पर आरोप है कि उन्होंने पिछले साल पेरिस में 12 साल की एक यहूदी लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया और इस दौरान यहूदी-विरोधी अपशब्द कहे। मामले की सुनवाई जुवेनाइल कोर्ट में बंद कमरे में हो रही है। सरकारी वकील का कहना है कि इस घटना ने फ्रांस में तनाव को और बढ़ा दिया है, खासकर जब देश संसदीय चुनावों की ओर बढ़ रहा है। इस घटना के बाद लोकल अधिकारियों ने जांच शुरू की थी और तीनों लड़के जिनकी उम्र 12 से 14 साल के बीच है को गिरफ्तार किया। फ्रांस में यहूदी समुदाय के खिलाफ बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता जताई जा रही है। फ्रांस सरकार के मुताबिक, 2024 में फ्रांस में कुल 1,570 यहूदी विरोधी घटनाएं दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… ताइवान में 6.4 तीव्रता का भूकंप, जमीन से 31 किमी नीचे था भूकंप का केंद्र ताइवान के पूर्वी तट पर बुधवार को 6.4 तीव्रता का भूकंप आया। ताइवान की सेंट्रल वेदर एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि भूकंप का सेंटर 30.9 किलोमीटर की गहराई में था। रॉयटर्स के अनुसार, अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने भूकंप की तीव्रता 5.9 बताई और कहा कि भूकंप का सेंटर हुआलियन शहर से लगभग 71 किलोमीटर दक्षिण में था। भूकंप से ठीक पहले मोबाइल फोन पर अलार्म बजे और इमारतें करीब एक मिनट तक हिलती रहीं। ताइवान प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित है, जहां चिली से न्यूजीलैंड तक दुनिया के ज्यादातर भूकंप आते हैं। ग्रीस में तीन सांसदों की सदस्यता रद्द, कट्टरपंथी नेता से संबंध के आरोप ग्रीस की एक अदालत ने मंगलवार को तीन कट्टर दक्षिणपंथी सांसदों की सदस्यता रद्द कर दी। स्पेशल कोर्ट ने कहा कि इन तीनों सांसदों ने 2024 में हुए आम चुनाव में मतदाताओं को धोखा दिया था। ये तीनों नेता एक ही पार्टी स्पार्टन्स से हैं। इस पार्टी के चीफ वासिलिस स्टिगसास की भी सदस्यता रद्द कर दी गई है। अदालत ने कहा कि स्पार्टन्स पार्टी के नेता असल में इलियास कासिदियारिस के इशारे पर काम कर रहे थे। कासिदियारिस को 2020 में आपराधिक संगठन चलाने और अपने राजनीतिक विरोधियों पर हिंसक हमले कराने के लिए 13 साल की सजा सुनाई गई थी। कासिदियारिस कट्टर दक्षिणपंथी पार्टी गोल्डन डॉन का लीडर था। गोल्डन डॉन एक समय पर ग्रीस की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी थी। साल 2013 में रैपर पावलोस फिसास की हत्या के बाद इस पार्टी की बहुत बदनामी हुई थी। ग्रीस के कानून के अनुसार, अगर किसी पार्टी का असली नेता गंभीर अपराधों में शामिल होने का दोषी है, तो वह पार्टी चुनाव में हिस्सा नहीं ले सकती। विशेष चुनावी ट्रिब्यूनल ने माना कि स्पार्टन्स पार्टी ने 2023 के चुनाव में मतदाताओं को धोखा दिया, क्योंकि वासिलिस स्टिगास को नेता बताने के बावजूद, असल में कासिदियारिस ही स्पार्टन्स पार्टी को जेल से नियंत्रित कर रहा था। स्पार्टन्स पार्टी ने 2023 के चुनाव में 4.7% वोट हासिल किए थे और 12 सीटें जीती थीं। कासिदियारिस ने जेल से ट्विटर पर स्पार्टन्स को समर्थन देने की घोषणा की थी, जिसके बाद पार्टी को अप्रत्याशित सफलता मिली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक गोल्डन डॉन के 80% वोटरों ने स्पार्टन्स को वोट दिया था। ग्रीस में 2024 के चुनाव में तीन कट्टर दक्षिणपंथी पार्टियां स्पार्टन्स, ग्रीक सॉल्यूशन और नीकी संसद पहुंची थीं। इन तीनों पार्टियों को 12% से ज्यादा वोट मिले थे। ग्रीस की संसद में सीटों की संख्या 300 से घटकर 297 हो गई है। अब पूर्ण बहुमत के लिए अब 149 सीटें चाहिए। फेमस टिकटॉक स्टार खबी लामे को अमेरिका में हिरासत में लिया गया, वीजा उल्लंघन के कारण देश छोड़ना पड़ा दुनिया के सबसे फेमस टिकटॉक स्टार खबी लामे को अमेरिका में वीजा नियम तोड़ने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया था। वे 30 अप्रैल को अमेरिका आए थे और वीजा एक्सपायर होने के बाद भी यहां रुके थे। इसके बाद उन्हें 6 जून को लास वेगास के हैरी रीड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। खबी को बिना डिपोर्टेशन आदेश के स्वेच्छा से देश छोड़ने की अनुमति दी गई, जिसके बाद उन्होंने स्वेच्छा से अमेरिका छोड़ दिया है। अगर लामे ऐसा नहीं करते तो उनके अमेरिका आने पर 10 साल का प्रतिबंध लग सकता था। खबी ने इस घटना पर अभी तक कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है। खबी का असली नाम सेरिंगे खबाने लामे है। खाबी लामे मूल रूप से सेनेगल के हैं और इटली में पले-बढ़े हैं। खबी ने साल 2020 में टिकटॉक पर वीडियो बनाना शुरू किया था। कोरोना महामारी के दौरान उनकी लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ था। खबी के टिकटॉक पर 16 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। फोर्ब्स ने 2022 में उन्हें दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सोशल मीडिया पर्सनैलिटी में शामिल किया था। ट्रम्प ने सेना की वर्षगांठ पर सैनिकों के साथ डांस स्टेप किए, लॉस एंजिलिस के प्रदर्शनकारियों को जानवर कहा अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने मंगलवार को उत्तरी कैरोलिना के फोर्ट ब्रैग में सेना की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर डांस कर सबको हैरान कर दिया। सैनिक भी उनके स्टेप्स पर साथ-साथ थिरकने लगे। वहीं, ट्रम्प ने फोर्ट ब्रैग में दिए अपने भाषण में लॉस एंजिलिस के प्रदर्शनकारियों को जानवर और विदेशी दुश्मन कहा। ट्रम्प ने कहा- हम किसी अमेरिकी शहर पर किसी विदेशी दुश्मन को हमला और कब्जा करने की इजाजत नहीं देंगे। दरअसल, अमेरिका के लॉस एंजिलिस में 5 दिनों से विरोध प्रदर्शन जारी है। यह हिंसक प्रदर्शन अवैध अप्रवासियों को बाहर निकालने के फैसले के खिलाफ हो रहे हैं। केन्या में बस हादसा, केरल के रहने वाले 5 लोगों की मौत, कई घायल केन्या के न्याहुरुरू इलाके में बस हादसे में केरल के रहने वाले 5 लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग ने अब तक मृतकों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है। यह हादसा 9 जून को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे (स्थानीय समय अनुसार 4:30 बजे) हुआ। बस में कुल 28 भारतीय यात्री सवार थे, जो कतर से केन्या घूमने गए थे। यह बस नैरोबी से करीब 150 किलोमीटर दूर पर्यटन स्थल पर जाते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ————————- 10 जून के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…

More From Author

UPI ट्रांजैक्शन पर कोई चार्ज नहीं लगेगा:दुकानदारों से ₹3000 के पेमेंट पर ₹9 चार्ज वसूलने की खबरें फेक

रेत माफिया ने 5 राउंड चलाई गोली…3 लोग घायल:राजनांदगांव में अवैध खनन रोकने को लेकर विवाद, बड़ी संख्या में फोर्स तैनात, इलाके में तनाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *