चीन में भारी बारिश के बाद नेपाल के रसुवा जिले में बॉर्डर पर भोटेकोशी नदी में मंगलवार सुबह करीब 3 बजे अचानक बाढ़ आ गई। रसुवा के मुख्य जिला अधिकारी अर्जुन पौडेल ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि उफनती नदी में नेपाल और चीन को जोड़ने वाला पुल बह गया। इसमें कस्टम पोर्ट पर खड़ी कई गाड़ियां भी बह गईं। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय पोर्ट पर करीब 200 वाहन मौजूद थे। इनमें कुछ लोग वाहनों के अंदर सो रहे थे। गाड़ियों के साथ लोगों के बहने की भी आशंका है। पुल के दोनों तरफ, कई व्यापारी भी फंस गए हैं। नेपाल पुलिस के 12 जवान भी फंसे हुए हैं। इलाके में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। पानी का स्तर अभी भी ऊंचा है और मौसम खराब है। अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। अचानक आई बाढ़ के कारणों की अभी जांच की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… ट्रम्प बोले- यूक्रेन को नए हथियार भेजेंगे, रूस से जंग में उसे खुद को बचाना होगा; पिछले हफ्ते सप्लाई रोकी थी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि वह यूक्रेन को और हथियार भेजेंगे। उन्होंने कहा, इनमें सेल्फ डिफेंस वाले हथियार ज्यादा होंगे, ताकि रूस के खिलाफ जंग में वह खुद का बचाव कर सके। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, ‘हम कुछ नए हथियार भेजने जा रहे हैं। हमें ऐसा करना ही होगा। उन्हें खुद की रक्षा करने में सक्षम होना होगा। अब उन पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है।’ व्हाइट हाउस के एक सीनियर अधिकारी ने पिछले सप्ताह CNN को दिए गए बयान में कहा था कि ट्रम्प सरकार यूक्रेन को कुछ हथियारों की सप्लाई रोक रही है, जिसमें एयर डिफेंस मिसाइलें भी शामिल हैं। सीनियर अधिकारी के मुताबिक, यूक्रेन को हथियार सप्लाई रोकने का फैसला सैन्य खर्च और विदेशी देशों को अमेरिकी समर्थन की समीक्षा के बाद लिया गया था, जिस पर अमेरिका के डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ ने साइन किए थे। रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी 2022 से जंग जारी है। अमेरिका यूक्रेन को सैन्य मदद देने वाला सबसे बड़ा इकलौता देश है। अमेरिका ने जंग शुरू होने के बाद से यूक्रेन को एयर डिफेंस सिस्टम, ड्रोन, रॉकेट लॉन्चर, रडार, टैंक और कई एंटी रडार हथियार दिए हैं। इराक में मीथेन गैस के कारण 12 तुर्किये सैनिकों की मौत, एक गुफा में 2022 से लापता सैनिक को ढूंढने गए थे इराक में एक सर्च ऑपरेशन के दौरान मीथेन गैस के संपर्क में आने से 12 तुर्किये सैनिकों की मौत हो गई। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को X पर एक पोस्ट में बताया कि यह घटना रविवार को हुई। सभी सैनिक 2022 से गायब एक सैनिक के अवशेषों की तलाश कर रहे थे। आशंका है कि कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (PKK) के लड़ाकों ने सैनिक को मार दिया होगा। PKK को तुर्किये, यूरोपीय संघ और अमेरिका ने आतंकवादी समूह करार दिया है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 19 सैनिक मेटिना क्षेत्र में 852 मीटर की ऊंचाई पर एक गुफा के अंदर सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, जो इराक में PKK ठिकानों को निशाना बनाकर चल रहे तुर्किये के ऑपरेशन क्लॉ-लॉक का हिस्सा है। इस दौरान 12 सैनिक की दम घुटने से मौत हो गई। बाकी के सात सैनिकों की हालत का अभी पता नहीं चल पाया है। मीथेन को जहरीला नहीं माना जाता है, लेकिन दम घुटने के कारण कुछ जगहों पर इससे मौत हो सकती है। मंत्रालय ने यह नहीं बताया है कि गुफा के अंदर गैस कैसे जमा हुई। टेक्सास में बाढ़ से 104 की मौत, 50 लाख लोग अभी भी खतरे में; 22 अरब डॉलर का नुकसान अमेरिका के टेक्सास में 4 जुलाई को आई बाढ़ से अब तक 104 लोगों मारे जा चुके हैं। कर्विल काउंटी में 84 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 56 वयस्क और 28 बच्चे शामिल हैं। एनबीसी न्यूज के मुताबिक, टेक्सास में अभी भी 50 लाख लोग बाढ़ की चेतावनी के दायरे में हैं, जिनमें सैन एंजेलो, किलीन, कर्विल, सैन एंटोनियो और ऑस्टिन के लोग शामिल हैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इस सप्ताह के आखिर में टेक्सास का दौरा करेंगे। व्हाइट हाउस ने बताया कि यह दौरा शुक्रवार को होगा, लेकिन इसके बारे में डिटेल जानकारी नहीं दी गई। एक्क्यूवेदर के अनुसार, गुआडालूप नदी और टेक्सास हिल कंट्री के हिस्सों में आई इस बाढ़ से 18 से 22 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। बांग्लादेश में हसीना के खिलाफ 10 जुलाई को फैसला करेगी ट्रिब्यूनल बांग्लादेश के पूर्व पीएम शेख हसीना, पूर्व गृहमंत्री असदुज्जमां खान कमाल और पूर्व पुलिस प्रमुख अब्दुल्ला अल-मामून पर मानवता के खिलाफ अपराध के आरोपों को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिमिनल ट्रिब्यूनल 10 जुलाई को फैसला सुनाएगा। यह कार्रवाई पिछले साल जुलाई-अगस्त में हुए विरोध प्रदर्शनों में 1,400 लोगों की मौत के मामले में हुई है। अमेरिका में हैदराबाद के 4 लोगों की मौत, एक्सीडेंट के बाद कार में आग लगी अमेरिका में छुट्टियां मनाने गए हैदराबाद के एक परिवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा डलास (टेक्सास) में उस समय हुआ जब ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे वाहन में भीषण आग लग गई। कार में सवार तेजस्विनी, श्री वेंकट और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार अटलांटा में अपने रिश्तेदारों से मिलकर लौट रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। सभी चारों लोगों की मौत कार में आग लगने के कारण हुई। अमेरिकी अधिकारियों ने दुर्घटना की पुष्टि की है। अब शवों को भारत लाकर हैदराबाद में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
