वर्ल्ड अपडेट्स:ट्रम्प बोले- अमेरिका दक्षिण अफ्रीका में होने वाले G-20 का बहिष्कार करेगा, श्वेत किसानों पर अत्याचार के आरोप लगाए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी सरकार का कोई भी अधिकारी इस साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले G20 सम्मेलन में नहीं जाएगा। उन्होंने इसके पीछे की वजह अफ्रीकी देश में सफेद किसानों के साथ हो रहे बुरे व्यवहार को बताया। ट्रम्प पहले ही कह चुके हैं कि वे खुद इस सम्मेलन में नहीं जाएंगे। उनकी जगह उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस जाने वाले थे, लेकिन अब वे भी नहीं जाएंगे। ट्रम्प ने अपनी सोशल मीडिया साइट पर लिखा- G20 का दक्षिण अफ्रीका में होना पूरी तरह शर्मनाक है। उन्होंने अफ्रीकी मूल के सफेद किसानों (अफ्रीकानर्स) पर हिंसा, मौत और उनकी जमीन-खेत जब्त करने के आरोप लगाए। ट्रम्प प्रशासन लंबे समय से दक्षिण अफ्रीका की सरकार पर अल्पसंख्यक किसानों के साथ भेदभाव और हमलों की अनुमति देने का इल्जाम लगाता रहा है। इस पर दक्षिण अफ्रीका सरकार का कहना है कि रंगभेद प्रणाली को खत्म हुए 30 साल से ज्यादा हो गए, फिर भी सफेद लोग काले नागरिकों से कहीं बेहतर जीवन जीते हैं। राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने ट्रम्प से कहा- सफेद किसानों पर अत्याचार की खबरें पूरी तरह झूठी हैं। इस हफ्ते मियामी में भाषण देते हुए ट्रम्प ने कहा- दक्षिण अफ्रीका को G20 से बाहर फेंक देना चाहिए। इस साल की शुरुआत में विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी विदेश मंत्रियों की G20 बैठक का बहिष्कार किया था।

More From Author

ऑस्ट्रेलिया में कभी टी-20 सीरीज नहीं हारा भारत:आज तीसरी बार जीतने का मौका; ब्रिस्बेन में आखिरी मुकाबला, यहां पहली जीत की तलाश

महिला वर्ल्ड कप व्यूअरशिप में पुरुष टी-20 के बराबर पहुंचा:डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 18.5 करोड़ लोगों ने फाइनल देखा, 40 हजार दर्शक स्टेडियम पहुंचे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *