वर्ल्ड अपडेट्स:चीन का 758 मीटर लंबा नया होंगची ब्रिज ढहा; उद्घाटन के 44 दिन बाद हादसा

चीन के सिचुआन प्रांत में हाल ही में शुरू हुआ होंगची ब्रिज आंशिक रूप से ढह गया। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह पुल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाया गया था और इसकी लंबाई करीब 758 मीटर है। सोमवार दोपहर पुल के आसपास की पहाड़ी ढलानों और सड़कों पर दरारें दिखाई दीं। पहाड़ की जमीन खिसकने लगी तो प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पुल को तत्काल बंद कर दिया। मंगलवार दोपहर हालात और बिगड़ गए। पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी खिसकने के बाद पुल का एक हिस्सा टूटकर ढह गया। अब तक किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं मिली है। वीडियो में धूल का गुबार उठता दिखाई देता है और पुल के खंभे टूटकर नीचे पत्थरों और नदी में गिरते नजर आते हैं। यह पुल इसी साल पूरा हुआ था। इसे चीन के मैदानी इलाकों को तिब्बत से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाया गया था और 28 सितंबर को यातायात के लिए खोला गया था। पुल की ऊंचाई घाटी के तल से लगभग 625 मीटर बताई गई है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… UN चीफ गुटेरस ने दिल्ली धमाके पर दुख जताया, जांच की मांग की संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने नई दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके में जान गंवाने वालों के प्रति दुख जताया है। उनके प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि भारत सरकार और लोगों के लिए हम संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना की पूरी तरह जांच जरूरी है। मंगलवार को हुई इस घटना में 12 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। UN प्रवक्ता से इस मामले और इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले के बारे में सवाल पूछे गए थे। इस्लामाबाद के हमले पर उन्होंने कहा कि महासचिव इस घटना से बेहद दुखी हैं। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के लिए संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। गुटेरस ने कहा कि आतंकवाद और हिंसा की हर घटना की कड़ी निंदा की जानी चाहिए और दोषियों को सज़ा मिले। इसके लिए पूरी जांच होनी चाहिए। इस्लामाबाद में मंगलवार को एक आत्मघाती हमलावर ने पुलिस वाहन के पास खुद को उड़ा लिया। इस हमले में 12 लोगों की मौत और 36 लोग घायल हुए। ——————— 11 नवंबर के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…

More From Author

दिल्ली ब्लास्ट- डॉ.शाहीन 2 साल से विस्फोटक जुटा रही थी:देशभर में धमाकों का प्लान था; कश्मीर से 5वां डॉक्टर, फरीदाबाद से मौलवी गिरफ्तार

सोना ₹767 गिरकर ₹1.23 लाख प्रति 10 ग्राम पर आया:चांदी ₹286 बढ़कर ₹1.55 लाख किलो हुई, देखें अपने शहर के सोने के दाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *