कनाडा में भारतीय मूल के एक बिजनेसमैन की विवाद के बाद पिटाई में मौत हो गई। एडमॉन्टन पुलिस सेवा (EPS) के अनुसार, अधिकारियों को 109 स्ट्रीट और 100 एवेन्यू के पास एक हमले की सूचना मिली थी। पुलिस ने 55 साल के अरवी सिंह सग्गू को घटनास्थल पर बेहोश पाया। उन्हें जानलेवा चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। 5 दिन बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। यह घटना तब हुई जब सग्गू और उनकी प्रेमिका रात का खाना खाकर अपनी गाड़ी की ओर लौट रहे थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को अपनी कार पर पेशाब करते हुए पाया। ग्लोबल न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जब अरवी ने उस व्यक्ति से पूछा कि क्या हो रहा है, तो उस पर हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर सुग्गू को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 40 वर्षीय काइल पापिन को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर गंभीर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस बात पर जोर दिया कि हमलावर और पीड़ित एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे। पापिन को अगली बार 4 नवंबर को अदालत में पेश किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… अमेरिकी सीनेट में कनाडा पर टैरिफ लगाने के खिलाफ प्रस्ताव पास, ट्रम्प की पार्टी के सदस्यों ने भी समर्थन दिया अमेरिकी सीनेट में बुधवार को कनाडा पर टैरिफ लगाने के खिलाफ प्रस्ताव पास हुआ। इसका मकसद ट्रम्प की कनाडा पर टैरिफ लगाने के अधिकार को खत्म करना था। यह कदम हाल ही में कनाडा में 10% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने के फैसले के बाद लिया गया। द हिल की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्ताव 50-46 वोटों से पास हुआ। चार रिपब्लिकन सांसदों ने भी प्रस्ताव का समर्थन करते हुए टैरिफ खत्म करने के पक्ष में मतदान किया। सीनेट इससे पहले भी 2 अप्रैल को यह प्रस्ताव पास कर चुकी थी, लेकिन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने इसे आगे नहीं बढ़ाया, जिससे प्रक्रिया रुक गई थी। अब डेमोक्रेट सांसद टिम केन ने इसे फिर से पेश किया। उनका कहना है कि कनाडा पर ट्रम्प के टैरिफ लगाने का कोई कानूनी औचित्य नहीं है, क्योंकि इसे आपातकाल अधिनियम के तहत नहीं ठहराया जा सकता। ट्रम्प और कनाडा के बीच विवाद तब बढ़ गया जब कनाडा के ओंटारियो प्रांत ने वर्ल्ड सीरीज के दौरान टीवी पर एक विज्ञापन चलाया था। इसमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन ने टैरिफ का विरोध किया था। ट्रम्प ने इसे शत्रुतापूर्ण कदम बताते हुए कनाडाई सामान पर 10% अतिरिक्त टैरिफ बढ़ा दिया। ट्रम्प ने परमाणु हथियारों की टेस्टिंग का आदेश दिया:33 साल पहले 2300 फीट नीचे आखिरी परीक्षण किया था, चट्टानें पिघल गई थीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) को परमाणु हथियारों की तुरंत टेस्टिंग शुरू करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह टेस्टिंग चीन और रूस के बराबर होनी चाहिए। अमेरिका ने आखिरी बार 23 सितंबर 1992 को परमाणु परीक्षण किया था। यह अमेरिका की 1,030वीं टेस्टिंग थी। टेस्टिंग रेनियर मेसा पहाड़ी के 2300 फीट नीचे नेवादा टेस्ट साइट पर की गई, ताकि रेडिएशन बाहर न फैले। इसका कोडनेम था- डिवाइडर। विस्फोट जमीन के नीचे इतनी जोर से हुआ कि नीचे की चट्टानें पिघल गई थीं। जमीन की सतह लगभग 1 फुट ऊपर उठकर फिर धंस गई। वहां अभी भी 150 मीटर चौड़ा और 10 मीटर गहरा गड्ढ़ा दिखाई देता है। पूरी खबर यहां पढ़ें… चीन-अमेरिका के बीच एयरपोर्ट पर हुई ट्रेड डील:ट्रम्प ने चीन पर टैरिफ 10% घटाया; बदले में सोयाबीन खरीदने को राजी हुए जिनपिंग अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच साउथ कोरिया के बुसान में एयरपोर्ट पर हुई बैठक में ट्रेड डील पूरी हो गई है। हालांकि अभी इस पर दस्तखत होना बाकी है। ट्रम्प ने यह जानकारी साउथ कोरिया से अमेरिका जाते वक्त प्लेन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने यह भी बताया कि चीन पर 10% टैरिफ कम कर दिया गया है। बदले में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका से बड़ी मात्रा में सोयाबीन खरीदने को तैयार हुए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… ——————————————— 29 अक्टूबर को वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…
