वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिका ने वीजा नियमों में बदलाव किया, H-1B, L1, F1 वीजा के लिए इंटरव्यू देना जरूरी होगा

अमेरिकी विदेश विभाग ने 2 सितंबर से वीजा की ड्रॉप बॉक्स सुविधा यानी इंटरव्यू वेवर प्रोग्राम (IWP) को बंद कर दिया है। अब H-1B, L1 और F1 जैसे नॉन-इमिग्रेंट वीजा के लिए ज्यादातर आवेदकों को अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास में व्यक्तिगत इंटरव्यू देना होगा। ड्रॉप बॉक्स सुविधा से योग्य आवेदकों को बिना इंटरव्यू के सिर्फ दस्तावेज जमा करके वीजा मिल जाता था। अब केवल कुछ खास श्रेणियों जैसे डिप्लोमैटिक और ऑफिशियल वीजा (A-1, A-2, G-1 से G-4) और कुछ B-1, B-2 या B1/B2 वीजा धारक, जिनका पिछला वीजा 12 महीने के भीतर खत्म हुआ हो, बिना इंटरव्यू के आवेदन कर सकेंगे। 2022 में 3,20,000 H-1B वीजा में से 77% भारतीयों को मिले, और 2023 में 3,86,000 वीजा में से 72.3% भारतीयों के पास थे। इस फैसले से भारतीय टेक कर्मचारियों पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है, क्योंकि भारत से सबसे ज्यादा H-1B वीजा धारक हैं। सैन फ्रांसिस्को विश्वविद्यालय के प्रोफेसर बिल हिंड ने कहा, ‘इस नए नियम से वीजा प्रक्रिया में देरी होगी। यह महंगा साबित हो सकता है, क्योंकि आवेदक भारत या अन्य देशों में फंस सकते हैं और समय पर काम पर नहीं लौट पाएंगे।’ उन्होंने बताया कि ड्रॉप बॉक्स से वीजा कुछ हफ्तों में मिल जाता था, लेकिन अब इंटरव्यू की जरूरत से प्रक्रिया में और समय लगेगा। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…. अमेरिकी पॉप स्टार मैडोना ने पोप लियो से गाजा जाने की अपील की, कहा- मैं बच्चों का दुख नही देख सकती अमेरिकी पॉप स्टार मैडोना ने सोशल मीडिया पर पोप लियो XIV को एक भावुक संदेश लिखा, जिसमें उन्होंने गाजा में बच्चों की पीड़ा कम करने के लिए उनसे वहां जाने की गुहार लगाई। मैडोना ने लिखा, ‘आप कृपया गाजा जाएं और बच्चों तक अपनी ज्योति पहुंचाएं, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए। एक मां होने के नाते, मैं उनकी पीड़ा नहीं देख सकती। वो दुनिया के बच्चे हैं।’ वह लिखती हैं, ‘आप हममें से अकेले हैं जिन्हें प्रवेश से वंचित नहीं किया जा सकता। इन मासूम बच्चों को बचाने के लिए हमें मानवीय द्वार पूरी तरह से खोलने होंगे। अब और समय नहीं है।’ उन्होंने अंत में लिखा, ‘कृपया कहें कि आप जाएंगे।’ 65 वर्षीय मैडोना, जिन्होंने 2005 में अपने नाम में ‘एस्थर’ जोड़ा था, हालांकि वह यहूदी नहीं हैं। इजराइल-हमास के बीच अक्टूबर 2023 से जंग जारी है। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2023 से अब तक 44 हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं, और 1,04,268 लोग घायल हुए हैं। गाजा में इमारतें मलबे में बदल गई हैं, और 15 लाख से अधिक लोग विस्थापित होकर तंबुओं या अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं। 2025 में कुपोषण से 59 लोगों की मौत हुई, जिनमें 83 बच्चे शामिल हैं। यूनिसेफ ने 12 हजार गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की पहचान की है। कनाडाई सांसद ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की कनाडाई सांसद फ्रैंक कैपुटो ने प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और उनकी लिबरल पार्टी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की है। कैपुटो ने सोमवार को कहा- यह गैंग समुदायों को डरा रहा है। अब समय है कि सरकार कार्रवाई करे। कैपुटो पब्लिक सेफ्टी मिनिस्टर हैं, उन्होंने अपने सहयोगी मंत्री गैरी आनंदसंगरी को पत्र लिखकर बताया कि बिश्नोई का आपराधिक साम्राज्य हत्याएं, और अवैध गतिविधियां करता है। उन्होंने कहा कि यह गैंग राजनीतिक, धार्मिक और वैचारिक कारणों से हिंसा फैलाता है। कैपुटो ने अपने पत्र में लिखा, ‘बिश्नोई गैंग की गतिविधियां इसे आतंकी संगठन घोषित करने का आधार देती हैं। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि इसे आतंकी संगठन की सूची में डालें ताकि पुलिस और सरकार को इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए जरूरी संसाधन मिल सकें।’ कनाडा सरकार ने अक्सर बिश्नोई गैंग को देश के खतरनाक आपराधिक गिरोहों में से एक बताया है और इसे हथियारों और ड्रग्स तस्करी से भी जोड़ा है। लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की जेल से अपना गैंग चला रहा है, और उसके सहयोगी गोल्डी ब्रार, जो कनाडा में इसके ऑपरेशन संभालता था, अब अलग हो चुके हैं। यह गैंग पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या (मई 2022), राजपूत नेता सुखदेव गोगामेडी की हत्या (दिसंबर 2023), महाराष्ट्र के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या (अक्टूबर 2024) और बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी (अप्रैल 2025) जैसी घटनाओं से जुड़ा है। जून 2023 में खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या ने इस गैंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया था। निज्जर की हत्या के बाद तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बिना सबूत के भारत सरकार पर आरोप लगाए, जिससे भारत-कनाडा संबंध बिगड़ गए थे। इंडोनेशिया के पापुआ में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से पापुआ में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों के मुताबिक इससे सुनामी का कोई खतरा नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, यह झटका स्थानीय समय के मुताबिक शाम करीब 5 बजकर 24 मिनट पर महसूस हुआ। भूकंप का केंद्र पापुआ प्रांत की राजधानी और सबसे बड़े शहर जयापुरा से करीब 193 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था और इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी कहा कि सुनामी की आशंका नहीं है। अब तक किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। USGS ने शुरू में इसकी तीव्रता 6.5 बताई थी, लेकिन बाद में इसे घटाकर 6.3 कर दिया। इंडोनेशिया प्रशांत फायर रिंग पर बसा है, जो जापान से लेकर दक्षिण-पूर्व एशिया होते हुए प्रशांत महासागर के चारों ओर फैला हुआ है। इस इलाके में टेक्टोनिक प्लेटों के टकराने के कारण अक्सर तेज भूकंप आते हैं। साउथ कोरिया में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी गिरफ्तार, दो साल से बिजनेस वीजा पर रह रहा था साउथ कोरिया की पुलिस ने एक पाकिस्तानी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो लश्कर-ए-तैयबा (LeT) आतंकी संगठन का सदस्य बताया जा रहा है। 40 वर्षीय संदिग्ध को 2 अगस्त को सियोल के इटावोन इलाके में एक स्थानीय बाजार में क्लर्क की नौकरी करते हुए पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, इस व्यक्ति ने 2020 में पाकिस्तान में LeT जॉइन किया था और वहां हथियार चलाने और घुसपैठ की ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद उसे संगठन का आधिकारिक सदस्य बनाया गया। उसने सितंबर 2023 में साउथ कोरिया के दूतावास से बिजनेसमैन बनकर वीजा हासिल किया और दिसंबर 2023 में कोरिया पहुंचा। हालांकि, पुलिस को अभी तक यह सबूत नहीं मिला कि उसने कोई आतंकी गतिविधि की हो या फिर योजना बनाई हो। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या उसने LeT को कोई पैसा भेजा था। यह पहला मौका है जब साउथ कोरिया में आतंकी संगठन के सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। लश्कर-ए-तैयबा को मई 2005 में आतंकी संगठन घोषित किया गया था। यह संगठन अल-कायदा और ओसामा बिन लादेन से जुड़ा रहा है और 2008 के मुंबई हमलों सहित कई आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार है। इसका प्रमुख हाफिज मोहम्मद सईद है। भारत ने बांग्लादेशी जूट उत्पादों के लैंड पोर्ट से आयात पर बैन लगाया भारत ने बांग्लादेश से आने वाले कुछ जूट और जूट से बने उत्पादों के आयात पर नया बैन लगा दिया है। अब ये सामान भारत-बांग्लादेश सीमा के किसी भी लैंड पोर्ट से नहीं मंगाया जा सकेगा। इनका आयात केवल महाराष्ट्र के न्हावा शेवा समुद्री बंदरगाह से ही किया जा सकेगा। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के 11 अगस्त 2025 को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, पाबंदी जिन उत्पादों पर लागू होगी, उनमें जूट या अन्य बास्ट फाइबर से बने ब्लीच और अनब्लीच बुने कपड़े, जूट की रस्सी, ट्वाइन, कॉर्डेज, केबल, बोरे और बैग शामिल हैं। सरकार ने यह कदम विदेशी व्यापार (विकास और विनियमन) अधिनियम 1992 और विदेश व्यापार नीति 2023 के प्रावधानों के तहत उठाया है। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। इससे पहले 27 जून को भी भारत ने बांग्लादेश से आने वाले सामान के लैंड पोर्ट से आने पर बैन लगा दिया था। अमेरिका के पेनसिल्वेनिया में स्टील प्लांट में धमाका, 2 की मौत, 10 घायल अमेरिकी राज्य पेनसिल्वेनिया पिट्सबर्ग में यूएस स्टील प्लांट में सोमवार को जोरदार धमाका हुआ। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 10 लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए। धमाके के बाद कई छोटे-छोटे विस्फोट भी हुए और धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। हादसा सुबह करीब 10:51 बजे हुआ। धमाके के बाद एक घायल कर्मचारी को मलबे से घंटों बाद बाहर निकाला गया। पास के इलाकों में झटका महसूस किया गया, जिससे स्थानीय प्रशासन ने लोगों को घटना स्थल से दूर रहने की अपील की। यूएस स्टील के चीफ मैन्युफैक्चरिंग ऑफिसर स्कॉट बुकिसो ने कहा कि फिलहाल धमाके के कारण और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने तेजी से गैस सप्लाई बंद की और फंसे हुए साथियों को बाहर निकाला। कंपनी अब जापान की निप्पॉन स्टील कॉर्प की सहायक इकाई है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जांच कर रही है। इस प्लांट में 2009 में धमाके में एक मजदूर की मौत हुई थी। 2010 में हुए धमाके में 20 लोग घायल हुए थे। 2014 में एक कर्मचारी की मौत ट्रेंच में गिरने से हुई थी। सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर पहले भी कंपनी पर जुर्माना लग चुका है। अमेरिका के टेक्सास में टारगेट स्टोर के बाहर फायरिंग, 3 की मौत, आरोपी गिरफ्तार अमेरिकी राज्य टेक्सास के ऑस्टिन में सोमवार दोपहर एक व्यक्ति ने टारगेट स्टोर की पार्किंग में अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले एक कार चुराकर भागा, फिर उसका एक्सीडेंट हो गया और उसने एक डीलरशिप से दूसरी कार चुरा ली। करीब 32 किलोमीटर दूर साउथ ऑस्टिन में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। ऑस्टिन पुलिस चीफ लिसा डेविस ने बताया कि आरोपी की उम्र करीब 30 साल है और उसका मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा इतिहास है। फायरिंग की घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को 3 लोग गोली लगने से घायल मिले, जिनमें से 2 की मौके पर ही मौत हो गई और तीसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। डेविस ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। फिलहाल पीड़ितों की पहचान जारी नहीं की गई है।

More From Author

पाकिस्तानी पीएम बोले- दुश्मन एक बूंद पानी नहीं छीन सकता:ऐसा सबक सिखाएंगे, जिंदगीभर याद रहेगा; बिलावल ने भी धमकी दी थी

कश्मीर के उरी में एक जवान शहीद:सेना ने LoC पर आतंकी घुसपैठ की कोशिश नाकाम की; 13 दिन में तीसरी मुठभेड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *