कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने के दावे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। संसद में मानसून सत्र में भाग लेने के बाद राहुल ने पूछा कि ट्रम्प के दावों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं। राहुल ने कहा, ‘ट्रम्प 25 बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने सीजफायर करवाया। वह कौन हैं? यह उनका काम नहीं है। भारत के प्रधानमंत्री पूरी तरह से चुप हैं। उन्होंने एक बार भी ट्रम्प के दावों का जवाब नहीं दिया। उन्हें सिर्फ विदेश यात्रा करने का समय मिल रहा है।’ कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘पूरी दुनिया जानती है कि ट्रम्प ने भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा की थी। इस सच को कोई नहीं बदल सकता। इसलिए, प्रधानमंत्री क्या बोलेंगे। कैसे बताएंगे कि ट्रम्प ने पाकिस्तान के साथ समझौता करवाया है? वह कह नहीं सकते, लेकिन यह सच पूरी दुनिया जानती है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘PM ने हमारी विदेश नीति को बर्बाद कर दिया है। आप उंगलियों पर गिन भी नहीं सकते कि कितने देशों ने हमारा समर्थन किया है। किसी ने भी हमारा समर्थन नहीं किया है। यह सिर्फ सीजफायर की बात नहीं है। रक्षा, रक्षा निर्माण और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े कई बड़े मुद्दे हैं, जिन पर हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं।’ जयराम बोले- ट्रम्प ने 73 दिनों में 25 बार सीजफायर का दावा दोहराया इससे पहले, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा के दावों पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने X पर पोस्ट में कहा, ‘ट्रम्प सीजफायर के अपने दावे की सिल्वर जुबली पर पहुंच गए हैं। । उन्होंने पिछले 73 दिनों में 25 बार ढिंढोरा पीटा है, लेकिन भारत के प्रधानमंत्री पूरी तरह से चुप हैं।’
