रायपुर के अभनपुर में भारत माला प्रोजेक्ट में काम के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ है। इसमें काम करने वाले उत्तर प्रदेश के दो मजदूर जिंदा जल गए हैं। बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान कंटेनर के अंदर आग भड़क गई। जिसकी चपेट में मजदूर आ गए। आग इतनी भयानक थी कि मजदूरों की हड्डियां भी गल गई। यह पूरा मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है। नवा रायपुर एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शाम करीब 7 बजे के आसपास हुआ है। भारत माला परियोजना के अंतर्गत शालीमार कंस्ट्रक्शन में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे हैं। अभनपुर के पहले छोटे उरला गांव के करीब मजदूर कंटेनरों में रहते हैं। इस दौरान एक कंटेनर में खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गई। जिससे कंटेनर के भीतर तीन मजदूरों में दो जिंदा जल गए। एक मजदूर ने जैसे तैसे बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। तेज आग में हड्डी तक गल गई जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक मजदूर अमरोहा उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। इनमें से एक परमान अली पिता महबूब अली (25) दूसरा मजदूर शदाब अली पिता जाहिद अली(22) हैं। कंस्ट्रक्शन साइड में अलग-अलग शिफ्ट में सैकड़ों मजदूर काम करते हैं। परमान और शदाब भी कंस्ट्रक्शन में मजदूरी करते थे। बताया जा रहा है कि आग इतनी भयानक थी कि मजदूरों की हड्डी भी गल गई। आग बुझाने के बाद हड्डी जमीन पर पड़ी दिखाई दी। बारिश की आशंका में भीतर बना रहे थे खाना ASP शुक्ला ने बताया कि सामान्य तौर पर मजदूर कंटेनर के बाहर खाना बनाते थे। लेकिन पूछताछ में पता चला कि बारिश की आशंका को देखते हुए। सिलेंडर को कंटेनर के अंदर ले जाकर खाना बना रहे थे। इसी बीच आग लग गई। जिससे चारों तरफ धुआं भी भर गया। हालांकि हादसे में सिलेंडर इसमें ब्लास्ट नहीं हुआ है। इसके अलावा कंटेनर के अंदर करीब 10 मजदूरों के बिस्तर लगे हुए थे। जो जलकर राख हो गए हैं। फायर ब्रिगेड ने आग में कंट्रोल पाया। फिलहाल मजदूरों के परिजनों को कंपनी के माध्यम से जानकारी दी गई है। इस मामले में पुलिस पोस्टमॉर्टम के बाद मजदूरों के अवशेष परिजनों को सौंपेगी। इस मामले में अभनपुर थाना प्रभारी का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है, इसमें कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
