राजनांदगांव में पारा 44 पार..छत्तीसगढ़ में 2 दिन बढ़ेगी गर्मी:दोपहर में हीट-वेव का अलर्ट, शाम को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में आज से गर्मी और बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, रायपुर-बिलासपुर समेत आसपास के जिलों में अगले 48 घंटे में दिन का तापमान 41 डिग्री से भी ज्यादा रहने वाला है। हालांकि, दोपहर में तेज धूप के बाद शाम को प्रदेश के कुछ हिस्सों में अंधड़ और हल्की बारिश के भी आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन तापमान में बढ़ोतरी होगी। इसके बाद फिर तापमान स्थिर रहेगा। इससे पहले, रविवार को प्रदेश में सबसे गर्म राजनांदगांव जिला रहा। यहां दिन का तापमान 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात का तापमान 26 डिग्री रहा। इसके अलावा बिलासपुर और रायपुर में भी दिन का तापमान 43 डिग्री तक पहुंचा। रायपुर में आज भी रहेगी तेज गर्मी राजधानी रायपुर में आज दिन का पारा 43 डिग्री के भी पार पहुंचने के आसार हैं। रविवार को भी तापमान 43 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया गया। दिन में तेज गर्मी के चलते भीड़ और हैवी ट्रैफिक वाली सड़कें भी सूनी दिखीं। वहीं रात का तापमान 28. 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर में 43 डिग्री पारा रहा सबसे गर्म रविवार को बिलासपुर जिले में भी दिन का तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ये सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है। वहीं रात का तापमान 26.4 डिग्री रहा यह भी नॉर्मल टेंपरेचर से 2.2 डिग्री ज्यादा था। इसके अलावा गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले का तापमान तो 42.5 डिग्री के साथ सामान्य से 5.2 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रहा। बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश रविवार को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। सुकमा में तेज अंधड़ चलने से कई पेड़ गिर गए। रविवार को जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 35.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया यह सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। इन जिलो में आज हल्की बूंदाबांदी के आसार मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के 15 जिलों में अंधड़ चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, जांजगीर, बलौदाबाजार, धमतरी, बालोद, कबीरधाम, खैरागढ़ छुईखदान गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, सुकमा, कांकेर जिले के एक दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

More From Author

GT Vs KKR फैंटेसी-11:सुनील नरेन को कैप्टन चुन सकते हैं

पेट्रोल-डीजल के दाम में आज कोई बदलाव नहीं:जेनसोल के खिलाफ कॉर्पोरेट मंत्रालय की जांच शुरू, MTNL ने सरकारी बैंकों का ₹8,346 करोड़ कर्ज नहीं चुकाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *