यूक्रेन ने रूस के क्रीमिया एयरबेस पर ड्रोन हमला किया:3 हेलिकॉप्टर तबाह, एयर सेफ्टी सिस्टम को भी निशाना बनाया

यूक्रेन ने 28 जून की सुबह रूस के कब्जे वाले क्रीमिया के किरोव्स्के एयरबेस पर हमला करने का दावा किया है। कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक इस हमले में रूस के Mi-8, Mi-26 and Mi-28 अटैक हेलिकॉप्टर और एक पैंटसिर-S1 एयर सेफ्टी सिस्टम तबाह हो गई। यूक्रेनी सुरक्षा सर्विस (SBU) ने कहा कि यूक्रेन ने रूसी विमानों, हवाई रक्षा प्रणालियों, हथियारों, और ड्रोन भंडार को निशाना बनाया। हालांकि रूस ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है। यूक्रेनी सेना ने रूस के चार Su-34 लड़ाकू विमानों पर हमला किया वहीं, यूक्रेनी सेना ने 26 जून को रूस के वोल्गोग्राड ओब्लास्त में मारिनोव्का एयरपोर्ट पर चार Su-34 लड़ाकू विमानों पर भी हमला किया था। यह इलाका मॉस्को से लगभग 900 किलोमीटर दूर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में दो रूसी लड़ाकू विमान तबाह हो गए और दो क्षतिग्रस्त हुए थे। रूस इन विमानों का इस्तेमाल यूक्रेन पर बमबारी के लिए करता था। यूक्रेन ने रूस के 41 विमानों को तबाह किया था इससे पहले यूक्रेन ने 1 जून को रूस के 41 लड़ाकू विमानों को तबाह किया था। यूक्रेनी वेबसाइट कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन ने रूस के मरमंस्क में ओलेन्या एयर बेस, इरकुत्स्क में बेलाया एयर बेस, इवानोवो में इवानोवो एयर बेस और डायगिलेवो एयर बेस को निशाना बनाया था। रूस का बेलाया एयरबेस यूक्रेनी सीमा से 4 हजार किमी से भी ज्यादा दूर है। यह रूस के साइबेरिया इलाके में स्थित है। रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी (SBU) ने इस हमले को अंजाम दिया, जिसमें FPV (फर्स्ट-पर्सन-व्यू) ड्रोन्स का इस्तेमाल किया गया। इसमें A-50, TU-95 और TU-22 जैसे स्ट्रैटजिक बॉम्बर्स को निशाना बनाया गया था। यूक्रेन का रूस पर जवाबी हमला पिछले कुछ महिनों में रूस ने यूक्रेन पर हवाई हमले तेज कर दिए है, जवाब में यूक्रेन ने भी रूसी क्षेत्रों पर ड्रोन हमले बढ़ा दिए हैं। यूक्रेन के ये हमले हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचाने, सेफ्टी सिस्टम को कमजोर करने और रूसी आबादी पर दबाव डालने के लिए हैं। पुतिन बोले थे- यूक्रेन हमारा, दोनों देशों के लोग एक इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 20 जून को कहा था कि पूरा यूक्रेन हमारा है। इसके अलावा उन्होंने यूक्रेनी शहर सुमी पर बफर जोन बनाने के लिए कब्जा करने की चेतावनी दी थी पुतिन ने सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम में कहा कि रूसी और यूक्रेनी लोग एक ही हैं और इस लिहाज से पूरा यूक्रेन रूस का है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह यूक्रेन की आजादी पर सवाल नहीं उठा रहे, लेकिन यूक्रेन को रूस के कब्जे वाले क्षेत्र को छोड़ना होगा। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पुतिन के इस बात को खारिज किया कि रूसी और यूक्रेनी एक ही लोग हैं। रूस सूमी शहर पर कब्जा कर यूक्रेन को कमजोर करना चाहता है रूस अभी यूक्रेन के लगभग 20% हिस्से पर कब्जा किए हुए है, जिसमें क्रीमिया, लुहांस्क क्षेत्र का 99% से अधिक, डोनेट्स्क, जापोरीज्जिया और खेरसॉन क्षेत्रों का 70% से अधिक, तथा खार्किव, सुमी और द्निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्रों के कुछ हिस्से शामिल हैं। पुतिन ने हाल ही में यूक्रेन की सीमा से लगे सूमी क्षेत्र में एक बफर जोन बनाने की बात कही थी। इसका मकसद रूस के बॉर्डर इलाकों (जैसे कुर्स्क, ब्रायंस्क, और बेलगोरोद) को यूक्रेनी ड्रोन और तोपखाने के हमलों से बचाना है। रूसी सेना ने सूमी के चार गांवों (नोवेंके, बासिवका, वेसलिवका, और ज़ुरावका) पर कब्जा किया है, जो अब ग्रे जोन में हैं। रूस का दावा है कि सूमी शहर (सीमा से 25 किमी दूर) को बफर जोन में शामिल करने से यूक्रेन की हमले की क्षमता कम होगी। जानिए क्यों शुरू हुई रूस-यूक्रेन की जंग फरवरी 2022- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हमले का ऐलान करते ही यूक्रेन में रूसी टैंक धड़धड़ाते हुए घुसने लगे। तब के अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन बोले- पुतिन से बातचीत का कोई प्लान नहीं है। उन्होंने पूरी दुनिया को खतरे में डाल दिया है। रूस को यूक्रेन पर हमले की गंभीर कीमत चुकानी होगी। फरवरी 2025- अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पुतिन से फोन पर 90 मिनट तक बात की। इसके बाद सऊदी अरब में यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस और अमेरिकी के बीच हाई लेवल मीटिंग हुई। इसमें यूक्रेन को नहीं रखा गया। ट्रम्प ने पुतिन की तारीफ की और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को ‘तानाशाह’ कह दिया। मई 2025- रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति बातचीत 2025 में तेज हुई, खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पहल के बाद। हाल के दिनों में कैदी अदला-बदली हुई है, लेकिन क्षेत्रीय नियंत्रण और सुरक्षा गारंटी पर मतभेद बने हुए हैं। ———————– ये खबर भी पढ़ें… पुतिन बोले- यूक्रेन हमारा, दोनों देशों के लोग एक:सुमी शहर पर कब्जे की चेतावनी दी; जेलेंस्की बोले- रूसी राष्ट्रपति जंग खत्म नहीं करना चाहते रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि पूरा यूक्रेन हमारा है। इसके अलावा उन्होंने यूक्रेनी शहर सुमी पर बफर जोन बनाने के लिए कब्जा करने की चेतावनी दी है। पूरी खबर पढ़ें…

More From Author

PM मोदी ने अंतरिक्ष गए शुभांशु शुक्ला से बात की:भारतीय एस्ट्रोनॉट से पूछा- अंतरिक्ष में गाजर का हलवा ले गए थे, साथियों को खिलाया क्या

क्रिकेटर यश दयाल पर यौन उत्पीड़न का आरोप:गाजियाबाद में पीड़ित बोली- शादी का झांसा दिया, 5 साल से रिलेशनशिप में थी; क्रिकेटर से पूछताछ होगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *