मौसम का हाल:छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक कड़ाके की ठंड से मिलेगी राहत, रात के तापमान में इजाफा

छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड से राहत रहेगी। रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। यह अभी सामान्य के आसपास है। अगले चार दिनों तक इसमें कमी या बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस वजह से अगले कुछ दिनों तक ठंड लौटने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पूर्वी भारत में एक जेट स्ट्रीम है। इसकी वजह से उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवा थोड़ी रुक गई हैं। इसके आंशिक असर से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कमी अगले कुछ दिनों तक थमी रहेगी। बस्तर में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है। जनवरी के पिछले दस दिनों में पूरे प्रदेश में अच्छी ठंड पड़ी। सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में कुछ जगहों पर शीतलहर चली। ज्यादातर स्थानों पर इसके हालात बने। दिसंबर में अच्छी ठंड के बाद जनवरी के पहले पखवाड़े के आधे से ज्यादा समय कड़ाके की सर्दी में बीता। 11 से 15 जनवरी के बीच ठंड से थोड़ी राहत रहेगी। रविवार को प्रदेश में ठंड थोड़ी कम रही। सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। दुर्ग में यह 9.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम है। बिलासपुर में यह 11.8 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो नार्मल से 1.3 कम है। राजधानी रायपुर में भी ठंड थोड़ी कम हुई है। राजधानी में रात का तापमान 13.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। माना में तापमान 11.9 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 1.5 कम है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार कड़ाके की ठंड और शीतलहर जैसी स्थिति के लिए तापमान का सामान्य से चार से पांच डिग्री कम होना चाहिए।

More From Author

AAP सरपंच के हत्यारे 2 शूटर अरेस्ट:रायपुर से पकड़े गए, अमृतसर में मैरिज पैलेस में मारी थी गोली; रिश्तेदारों के घर छिपे थे

जियो अपना AI प्लेटफॉर्म लॉन्च करेगी:टॉप-10 कंपनियों में 7 की वैल्यू ₹3.63 लाख करोड़ घटी, ऑफिस के काम में इंसानों को पीछे छोड़ देगा AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *