नमस्कार, कल की बड़ी खबर हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल्स की रही। एक खबर पाकिस्तान दौरे से पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान से जुड़ी रही। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. हरियाणा और JK चुनाव के पोल ऑफ पोल्स: हरियाणा के 13 एग्जिट पोल में कांग्रेस की वापसी, JK के 10 पोल में कांग्रेस-NC सरकार हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे। लेकिन उससे पहले आए अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल के मुताबिक, हरियाणा में 10 साल बाद कांग्रेस वापसी करती दिख रही है। पार्टी को 57 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा बहुमत से काफी दूर 28 सीटों पर सिमट सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC)-कांग्रेस गठबंधन के सत्ता में आने का अनुमान है। गठबंधन को 41 सीटें मिल सकती है। भाजपा 28 सीटों पर सिमट सकती है। PDP को 10 और अन्य को 11 सीटें मिलेंगी। भास्कर रिपोर्टर्स पोल क्या कहता है: हरियाणा में भास्कर रिपोर्टर्स सर्वे के अलावा 12 सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल किए हैं। जम्मू-कश्मीर में भी भास्कर रिपोर्टर्स के अलावा 9 एजेंसियों ने एग्जिट पोल किया है। भास्कर रिपोर्टर्स पोल के मुताबिक, हरियाणा में कांग्रेस को 44 से 54, जबकि BJP को 19 से 29 सीटें मिलने के आसार हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर में NC-कांग्रेस को 35-40, जबकि BJP को 20-25 सीटें मिल सकती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. हरियाणा विधानसभा चुनाव में 66.96% वोटिंग: नूंह-हिसार में झड़प; विनेश पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप
चुनाव आयोग के मुताबिक, हरियाणा में 90 सीटों पर 66.96% वोटिंग हुई। 2019 के चुनाव में 68.20% वोट पड़े थे। सबसे ज्यादा 74.51% वोटिंग फतेहाबाद में, जबकि सबसे कम वोटिंग 55.46% फरीदाबाद में हुई। रिजल्ट 8 अक्टूबर को आएगा। नूंह और हिसार में 3 जगहों पर हिंसा हुई। वहीं भाजपा ने जींद में कांग्रेस कैंडिडेट विनेश फोगाट पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। विनेश ने आरोपों का खंडन किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. जयशंकर बोले- पाकिस्तान से बात करने नहीं जा रहा, दौरा सिर्फ SCO समिट के लिए होगा
पाकिस्तान में 15-16 अक्टूबर को होने वाले SCO समिट में शामिल होने को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बयान दिया। जयशंकर ने कहा, ‘मैं वहां मल्टीलेटरल इवेंट में शामिल होने जा रहा हूं। भारत-पाकिस्तान संबंधों पर बात करने नहीं जा रहा। मैं एक सभ्य आदमी हूं तो वहां जाकर अच्छा व्यवहार ही करूंगा।’ 2015 में सुषमा स्वराज के दौरे के बाद पहली बार होगा जब भारत का कोई मंत्री पाकिस्तान जाएगा। उरी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान में तनाव बढ़ा: 18 सितंबर 2016 को भारतीय जवानों के वेश में 4 आतंकी उरी में भारतीय सेना के ब्रिगेड हेडक्वार्टर में घुस गए थे। 3 मिनट के अंदर आतंकियों ने 15 से ज्यादा ग्रेनेड फेंके थे। हमले में 19 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। जवाब देने के लिए 28-29 सितंबर की रात भारतीय सेना ने PoK में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की। इस हमले में 38 आतंकी मारे गए थे। इसके बाद से ही दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा हुआ है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. बंगाल में 10 साल की बच्ची से रेप, फिर हत्या; गुस्साई भीड़ ने पुलिसवालों को पीटा, चौकी फूंकी पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले में 10 साल की बच्ची का शव मिला। परिवार का कहना है कि बच्ची का रेप हुआ है। वह 4 अक्टूबर की शाम से लापता थी। घटना के विरोध में लोगों ने महिस्मारी पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। स्टेट BJP चीफ सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘ममता सरकार महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर पा रही है।’ एक आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने कहा कि उन्होंने रेप-मर्डर की जानकारी मिलने के तुरंत बाद कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात 9 बजे FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद पुलिस ने शनिवार सुबह एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, उसकी उम्र 19 साल है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. मोदी बोले- हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे; राहुल बोले- NDA की नियत में खोट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के ठाणे में रैली की। मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस और उनके सहयोगियों का एक ही मिशन है- बांटो और सत्ता में रहो। हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे, जश्न मनाएंगे।’ उधर, राहुल गांधी ने कोल्हापुर में शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण के बाद महायुति सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा, ‘उन्होंने शिवाजी महाराज की मूर्ति बनाई और कुछ ही दिन बाद वो मूर्ति टूट गई। नियत गलत थी।’ नवंबर में विधानसभा चुनाव: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसके पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। तारीखों का ऐलान इसी महीने होगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. बस मार्शलों की बहाली को लेकर AAP का सियासी ड्रामा, मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष के पैर पकड़े, CM आतिशी उनकी कार में बैठ गईं, कहा- LG आवास चलिए दिल्ली सचिवालय में शनिवार को जमकर सियासी ड्रामा हुआ। दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) के 10 हजार बस मार्शल की बहाली और उनको परमानेंट करने की मांग को लेकर भाजपा ने सचिवालय में CM आतिशी से मुलाकात की। भाजपा की मांग पर आतिशी ने इमरजेंसी कैबिनेट मीटिंग बुलाई। इसमें बस मार्शल को रेगुलराइज करने का दिल्ली विधानसभा का रेजोल्यूशन साइन किया गया। AAP ने भाजपा से रेजोल्यूशन पर साइन कराने के लिए LG ऑफिस चलने को कहा। सचिवालय के बाहर विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता LG ऑफिस जाने में आनाकानी करते दिखे। इस पर दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और अन्य विधायकों ने विजेंद्र के पैर पकड़ लिए। वहीं, CM आतिशी विजेंद्र की कार में जाकर बैठ गईं। आतिशी ने कहा कि भाजपा ने LG से कैबिनेट नोट पास करने को नहीं कहा। अब गेंद BJP के पाले में है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. दावा- हिजबुल्लाह के लिए हथियार ला रही ईरानी फ्लाइट लौटी, इराक के एयरस्पेस में IDF की चेतावनी पर U-टर्न लिया इजराइली आर्मी ने दावा किया है कि उनकी चेतावनी के बाद हिजबुल्लाह के लिए हथियार ला रही एक ईरानी फ्लाइट ने यू-टर्न ले लिया। ये फ्लाइट इराक के एयरस्पेस में थी तब IDF ने उसे लौटने की चेतावनी दी थी। ईरान का ये विमान सीधे लेबनान आ रहा था या सीरिया, इसकी जानकारी नहीं है। इजराइल ने 400 हिजबुल्लाह लड़ाकों को मारा: इजराइली आर्मी का दावा किया है कि पिछले 5 दिन में उन्होंने 400 हिजबुल्लाह लड़ाकों को मारा है। लेबनान में लगातार हो रहे इजराइली हमलों में अब तक 2 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इनमें ज्यादातर लोग पिछले 2 हफ्ते में मारे गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By इस्माइल लहरी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… ड्रोन्स से सबसे ज्यादा इमोजी बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के क्रिस्टोफर ब्रैडबरी ने ड्रोन्स के जरिए सबसे ज्यादा इमोजी बनाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने 3 मिनट के अंदर आसमान में 30 इमोजी बनाए। क्रिस्टोफर ने इसके लिए 109 ड्रोन उड़ाए, जिन्हें खुद ही प्रोग्राम किया था। उन्होंने ड्रोन शो के दौरान चेहरे के अलग-अलग एक्सप्रेशन भी बनाए। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
