विजय माल्या, एक ऐसा नाम जो कभी भारत में शान-ओ-शौकत और कामयाबी का पर्याय था। आज 6,200 करोड़ रुपए के बैंक लोन फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग के विवादों से घिरा है। नौ साल तक मीडिया से दूरी बनाने के बाद, माल्या ने हाल ही में यूट्यूबर राज शमानी के पॉडकास्ट में अपनी चुप्पी तोड़ी। इस चार घंटे की बातचीत में उन्होंने अपनी जिंदगी, बिजनेस, किंगफिशर एयरलाइंस के पतन, कर्मचारियों की बकाया सैलरी, और कानूनी लड़ाई पर खुलकर बात की। सवाल 1: विजय माल्या का बचपन और शुरुआती करियर कैसा था? जवाब: माल्या का जन्म कोलकाता में हुआ, जहां उनके पिता विट्ठल माल्या UB ग्रुप के चेयरमैन थे। बचपन सख्त अनुशासन में बीता। उनके पिता ने कहा, “अगर मेहनत नहीं करोगे, तो मेरे बिजनेस में जगह नहीं।” सेंट जेवियर्स कॉलेज से बीकॉम करने के बाद, वो 400 रुपए महीने की तनख्वाह पर UB ग्रुप में ट्रेनी बने। 18 साल की उम्र में उन्हें एक छोटी कंपनी का CEO बनाया गया, जहां उन्होंने मेहनत से बिजनेस सीखा। पापा ने कहा था, अगर तुम मेहनत नहीं करोगे, तो मेरे बिजनेस में तुम्हारी कोई जगह नहीं होगी। मुझे 400 रुपए महीने की तनख्वाह पर मैनेजमेंट ट्रेनी बनाया गया। मेरी पहली गाड़ी सेकेंड-हैंड स्टैंडर्ड हेराल्ड थी। सवाल 2: माल्या ने UB ग्रुप और किंगफिशर को कैसे कामयाब बनाया? जवाब: 1983 में, 27 साल की उम्र में, पिता के निधन के बाद माल्या ने UB ग्रुप संभाला। उन्होंने किंगफिशर बीयर को युवाओं का स्टाइलिश ब्रांड बनाया, जो आज 52% मार्केट शेयर रखता है। मैकडॉवेल्स नंबर 1 व्हिस्की को दुनिया का नंबर 1 व्हिस्की ब्रांड बनाया। 1988 में बर्जर पेंट्स खरीदकर उसे 25 देशों में फैलाया और मुनाफे में बेचा। सवाल 3: किंगफिशर एयरलाइंस की शुरुआत और पतन की वजह क्या थी? जवाब: 2005 में माल्या ने अपने बेटे सिद्धार्थ के 18वें जन्मदिन पर किंगफिशर एयरलाइंस शुरू की, ताकि प्रीमियम फ्लाइंग अनुभव दे सकें। 2008 तक यह भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन बनी। लेकिन 2008 के वित्तीय संकट, तेल की बढ़ती कीमतें, भारी टैक्स और विदेशी निवेश की कमी ने इसे डुबो दिया। माल्या ने UB ग्रुप से 3,000 करोड़ रुपये डाले, फिर भी 2012 में एयरलाइन बंद हो गई। सवाल 4: कर्मचारियों की बकाया सैलरी पर माल्या ने क्या कहा? जवाब: माल्या ने माफी मांगी, कहा, “कुछ कर्मचारियों को सैलरी न दे पाने का मुझे बहुत दुख है। मेरे पास कोई बहाना नहीं।” उन्होंने कर्नाटक हाई कोर्ट में 260 करोड़ रुपए रिलीज करने की याचिका दायर की थी, लेकिन बैंकों ने आपत्ति की। वो कहते हैं, उनकी संपत्तियां फ्रीज होने से और फंड नहीं ला सके। कुछ कर्मचारियों को सैलरी न दे पाने का मुझे बहुत दुख है। मेरे पास कोई बहाना नहीं। 2012 के सुसाइड मामले की जांच में पता चला कि कर्मचारी की पत्नी की आत्महत्या वैवाहिक विवाद की वजह से थी, लेकिन अगर कोई मुझ पर दोष लगाता है, मैं जिम्मेदारी लेता हूं। सवाल 5: बैंकों के लोन और रिकवरी पर माल्या का क्या दावा है? जवाब: माल्या ने 17 बैंकों से 6,203 करोड़ का लोन लिया। उनका दावा है कि बैंकों ने उनकी संपत्तियों से 14,131.6 करोड़ रुपए रिकवर किए, जो कर्ज से ढाई गुना है। वो कहते हैं, “मैंने 2012-2015 में चार बार सेटलमेंट ऑफर दिए, जिनमें 5,000 करोड़ का ऑफर भी था, लेकिन बैंकों ने ठुकरा दिया।” वो कोर्ट से रिकवरी का हिसाब मांग रहे हैं। मैंने कर्नाटक हाई कोर्ट में याचिका दायर की कि बैंक 14,131.6 करोड़ की रिकवरी का स्टेटमेंट दें। यह दुनिया में कहीं नहीं होता। सवाल 6: CBI और ED के आरोपों पर माल्या का जवाब क्या है? जवाब: CBI ने ब्रांड वैल्यूएशन और प्राइवेट जेट के “मिसयूज” का आरोप लगाया, जिसे माल्या खारिज करते हैं। ED ने 3,547 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का इल्ज़ाम लगाया, लेकिन माल्या कहते हैं, “एयरलाइन के 50% खर्चे विदेशी मुद्रा में थे, इसे मनी लॉन्ड्रिंग कहना बकवास है।” IDBI के 900 करोड़ के लोन को वो चुकाने का दावा करते हैं। सवाल 7: माल्या ने भारत क्यों छोड़ा और “भगोड़ा” टैग पर क्या कहा? जवाब: माल्या 2 मार्च 2016 को जेनेवा में FIA मीटिंग के लिए लंदन गए। वो कहते हैं, मैंने अरुण जेटली को बताया कि मैं जा रहा हूं और सेटलमेंट की बात करूंगा। पासपोर्ट रद्द होने से अटक गया। वो कहते हैं, “मैं भगोड़ा नहीं, यह कोई एस्केप प्लान नहीं था। मुझे चोर कहना गलत है।” सवाल 8: भारत में बिजनेस की चुनौतियों पर माल्या की राय क्या है? जवाब: माल्या भारत की नौकरशाही को बिजनेस की बड़ी रुकावट मानते हैं। वो कहते हैं, “29 राज्यों की अलग-अलग नीतियों से निपटना पड़ता था। राजनेता चुनाव में शराब, नकदी मांगते थे। मैंने सिर्फ शराब दी, क्योंकि मेरी कंपनी सबसे बड़ी थी।” वो रिश्वत देने से इनकार करते हैं। सवाल 9: माल्या की 60वीं जन्मदिन की पार्टी पर विवाद क्यों हुआ? जवाब: 2015 में माल्या की भव्य पार्टी, जिसमें एनरिके इग्लेसियस परफॉर्म करने आए, ने विवाद खड़ा किया। माल्या कहते हैं, “किंगफिशर 2012 में बंद हो चुकी थी। मैंने अपनी जेब से पार्टी का खर्च उठाया। अगर लंदन में करता, तो शायद कोई न जानता।” सवाल 10: माल्या की आज की जिंदगी और भविष्य की योजनाएं क्या हैं? जवाब: माल्या लंदन में छह कुत्तों के साथ समय बिताते हैं। उनकी आय विदेशी शराब कंपनियों से मिलती है। वो कहते हैं, “मैं कानूनी लड़ाई लड़ रहा हूं। निष्पक्ष सुनवाई मिले, तो भारत लौटने पर विचार करूंगा। अगर जेल नसीब है, तो सामना करूंगा।” सवाल 11: माल्या अपनी विरासत को कैसे देखते हैं? जवाब: माल्या चाहते हैं कि उन्हें 1.75 लाख करोड़ की मार्केट कैप बनाने वाले मेहनती बिजनेसमैन के रूप में याद किया जाए, न कि चोर के रूप में। वो कहते हैं, “किंगफिशर फेल हुआ, लेकिन मैंने पूरी कोशिश की। भारत में बिजनेस फेल होना फ्रॉड मान लिया जाता है।” सवाल 12: माल्या के आध्यात्मिक विश्वास क्या हैं? जवाब: माल्या ने सबरिमाला और तिरुपति मंदिरों में सोना दान किया। वो कहते हैं, “मैं भगवान पर भरोसा करता हूं। अगर यह कठिन समय उनकी मर्जी है, तो मैं स्वीकार करता हूं।” नोट: यह सवाल-जवाब राज शमानी के पॉडकास्ट पर आधारित है। माल्या के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई। पाठक सभी पक्षों को देखकर अपनी राय बनाएं।
