भिलाई स्टील प्लांट का इंजीनियर बाइक चोर गिरोह का मास्टरमाइंड:मास्टर चाबी से 31 बाइक पार, रायपुर से आकर चोरी, जशपुर में बेचीं,CCTV में खुलासा

छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की पार्किंग से बाइकों की सिलसिलेवार चोरी का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह का सरगना मैकेनिकल इंजीनियर निकला, जो पहले BSP में संविदा पर काम करता था। बाद में उसी प्लांट की पार्किंग को अपना टारगेट बना बैठा। आरोपी रायपुर से बस में बैठकर भिलाई आता, पावर हाउस चौक पर उतरकर पैदल BSP मेन गेट पार्किंग पहुंचता, फिर मास्टर चाबी से खासकर होंडा साइन मॉडल की बाइक पार कर देता था। जून 2024 से सक्रिय इस गिरोह ने एक साल में 31 बाइक चुराईं। जिन्हें जशपुर के कुनकुरी में बेचा जाता था। 7 नवंबर 2025 की एक वारदात ने पुलिस को अहम सुराग दिया। CCTV फुटेज में आरोपी लंगड़ाते हुए बाइक चोरी करते दिखा। पैर में लोहे की रॉड होने के कारण उसकी चाल अलग थी। यही पहचान आखिरकार गिरफ्तारी की वजह बनी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने ट्रैकिंग शुरू की और सरगना तक पहुंच गई। पुलिस ने जशपुर से बाइक जब्त कर 2 सहयोगियों को दबोचा है। इस तरह पुलिस ने मुख्य आरोपी ई. पापा राव, मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि को गिरफ्तार किया है। 31 लाख रुपए कीमत की 31 बाइक भी बरामद हुई है। पहले देखिए ये तस्वीरें… अब जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, आरोपी ई. पापा राव ने 7 नवंबर को BSP के RTS में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर विपिन साहू की बाइक मेन गेट की पार्किंग से चोरी की थी। इस चोरी का CCTV फुटेज पुलिस को मिला था, जिसमें आरोपी लंगड़ाकर चलते दिखा। पुलिस को इससे काफी मदद मिली। आरोपी के चलने के स्टाइल पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में इसी फुटेज के आधार पर पुलिस को मुख्य आरोपी ई पापा राव को पकड़ने में मदद मिली। आरोपी के पैर में लोहे की रॉड लगी है, जिस कारण वह लंगड़ा कर चलता है। रायपुर से बस में बैठकर आता था चोरी करने बाइक चोरी का मुख्य आरोपी ई. पापा राव ने भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग किया है। वह पहले खुर्सीपार क्षेत्र में रहता था, लेकिन वर्तमान में रायपुर के चंगोरा भाठा में रहता था। वो बस से रायपुर से भिलाई आता था, पावर हाउस चौक पर उतरकर पैदल बीएसपी के मेन गेट स्थित पार्किंग तक पहुंचता और वहां खड़ी गाड़ियों की चोरी करता था। ज्यादातर होंडा साइन बाइक की चोरी आरोपी के पास एक मास्टर चाबी थी, जिससे वह खासतौर पर होंडा साइन मॉडल की बाइक को आसानी से खोल लेता था। इसके अलावा जो भी बाकी गाड़ी उस चाबी से खुल जाती, उसे भी चोरी कर ले जाता था। जून 2024 से वह लगातार इस वारदात को अंजाम दे रहा था। बीएसपी के मुख्य गेट की पार्किंग आरोपी के लिए काफी आसान टारगेट था। भिलाई-भट्टी थाने में अकेले 23 बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा छावनी थाना, जीआरपी थाना और रायपुर के विभिन्न थानों में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हैं। जशपुर में बेचता था चोरी की बाइक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि, चोरी की गई बाइक को जशपुर जिले के कुनकुरी में अपने 2 साथियों को बेचने के लिए देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुनकुरी से 11 बाइक जब्त की। वहां से मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मैकेनिक का काम करते थे। चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने में सहयोग करते थे। एक साल में 31 बाइक की चोरी पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 1 जनवरी से 14 दिसंबर 2025 के बीच 31 बाइक की चोरी हुई। इनमें सबसे ज्यादा 19 बाइक बीएसपी के मेन गेट के बाहर बनी पार्किंग से चोरी हुई हैं, जबकि 4 बाइक बीएसपी के बोरिया गेट की पार्किंग से गायब हुई। इसके अलावा गणेश पूजा के दौरान गणेश पंडाल से 2 बाइक चोरी हुईं। सेक्टर-1 गार्डन से भी 2 बाइक चोरी की घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं, प्लांट के अंदर बिलेट यार्ड कंट्रोल रूम के बाहर से 1 बाइक, सेक्टर-3 के चाइना मार्केट से 1 बाइक चोरी हुई। बीटीआई भवन की पार्किंग से 1 बाइक और आईआर विभाग कार्यालय के गेट के बाहर से 1 बाइक चोरी हुई थी। भिलाई स्टील प्लांट की पार्किंग से चोरी हुए इनके वाहन भिलाई के भट्टी थाना क्षेत्र में जनवरी महीने के दौरान कुल 8 बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इनमें से 6 बाइक बीएसपी की पार्किंग से चोरी हुईं, जबकि एक बाइक चाइना मार्केट, सेक्टर-3 से और एक बाइक घर के बाहर से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई। फरवरी-2025 1 फरवरी: यूआरएम विभाग में ठेका श्रमिक प्रकाश चंद्र शर्मा की बाइक मेन गेट के बाहर स्थित पार्किंग स्थल से चोरी हो गई। 26 फरवरी: ठेका श्रमिक सादिक अंसारी की स्कूटी बोरिया गेट के बाहर स्थित पार्किंग स्थल से चोरी हो गई। भट्टी थाना क्षेत्र में फरवरी माह के दौरान कुल 3 चोरी के मामले दर्ज किए गए। इनमें एक मामला बीएसपी मेन गेट के बाहर पार्किंग से बाइक चोरी का है, जबकि दो मामलों में घरों से चोरी की घटनाएं दर्ज की गई हैं। वहीं 26 फरवरी को हुई स्कूटी चोरी की रिपोर्ट 1 मार्च को थाने में दर्ज कराई गई। मार्च 2025 में भिलाई के भट्टी थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के कुल 6 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 5 वाहन बीएसपी के अधिकृत पार्किंग क्षेत्र से चोरी हुए, जबकि 1 वाहन बोरिया मार्केट के पास सड़क किनारे से चोरी हुआ। अप्रैल–2025 19 अप्रैल: मार्श-1 विभाग में ठेका श्रमिक और क्रेन ऑपरेटर चंदन गुप्ता की बाइक मेन गेट के बाहर स्थित पार्किंग स्थल से चोरी हो गई। 22 अप्रैल: एसएमएस-2 विभाग में ठेका श्रमिक टिकेश्वर ढीमर की बाइक आईआर विभाग कार्यालय के गेट के बाहर से चोरी हो गई। अप्रैल 2025 में भिलाई के भट्टी थाने में चोरी के कुल 4 मामले दर्ज किए गए। इनमें 2 मामले बीएसपी के अधिकृत क्षेत्र से बाइक चोरी के, 1 मामला प्लांट के भीतर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी का और 1 मामला घर के बाहर से स्कूटी चोरी का दर्ज किया गया। जून 2025 में भट्टी थाने में बाइक चोरी के कुल 2 मामले दर्ज किए गए। 30 जून को हुई बाइक चोरी की रिपोर्ट 4 जुलाई को दर्ज कराई गई। जुलाई-2025 9 जुलाई: एसएमएस-3 विभाग में ठेका श्रमिक कुमार दास की बाइक मेन गेट के सामने स्थित पार्किंग स्थल से चोरी हो गई। 18 जुलाई: ठेकेदार सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत सत्यशील शेंडे की बाइक बीएसपी मेन गेट की पार्किंग से चोरी हो गई। जुलाई 2025 में भिलाई के भट्टी थाने में चोरी के कुल 3 मामले दर्ज किए गए। इनमें 2 बाइक चोरी बीएसपी पार्किंग क्षेत्र से और 1 बाइक चोरी सेक्टर-1 के गार्डन से हुई। अगस्त-2025 29 अगस्त: बीएसपी प्लांट में जेसीबी ऑपरेटर संतराम पटेल की स्कूटी बीएसपी मेन गेट पार्किंग क्षेत्र से चोरी हो गई। अगस्त 2025 में थाने में चोरी का केवल 1 मामला दर्ज किया गया। 29 अगस्त को हुई स्कूटी चोरी की रिपोर्ट 2 सितंबर को दर्ज कराई गई। सितंबर-2025 सितंबर 2025 में भिलाई के भट्टी थाने में चोरी के कुल 6 मामले दर्ज किए गए। इनमें 2 बाइक चोरी गणेश पंडाल क्षेत्र से, 3 मामले घरों से चोरी के और 1 मामला बीएसपी पार्किंग क्षेत्र से चोरी का दर्ज किया गया, जिसकी रिपोर्ट 2 सितंबर को दर्ज हुई। अक्टूबर-2025 अक्टूबर 2025 में भिलाई के भट्टी थाने में चोरी के कुल 4 मामले दर्ज किए गए। इनमें 1 बाइक चोरी सेक्टर-1 के गार्डन से हुई, जबकि शेष 3 मामलों में घरों से चोरी की घटनाएं दर्ज की गईं। दिसंबर-2025 5 दिसंबर: पावर प्लांट-1 (दक्ष पावर) में ठेका श्रमिक मनोज सोनी की बाइक मेन गेट पार्किंग से चोरी हो गई। 10 दिसंबर: आरसीएल विभाग में ठेका श्रमिक विनय बंछोर की बाइक मेन गेट पार्किंग से चोरी हो गई। दिसंबर 2025 में 14 दिसंबर तक चोरी के कुल 3 मामले दर्ज किए गए। इनमें 2 मामले बीएसपी पार्किंग क्षेत्र से बाइक चोरी के और 1 मामला पार्क में घूमने आए मयंक साहू के वाहन चोरी का दर्ज किया गया। देश के बड़े प्रोजेक्ट्स में BSP का अहम योगदान बता दें कि जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के निर्माण में BSP का बड़ा योगदान है। एशिया महाद्वीप के सबसे बड़े कारखाने, भिलाई इस्पात संयंत्र सहित स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के इस्पात संयंत्रों ने 16,000 टन स्टील की आपूर्ति की है। इसके अलावा BSP में उत्पादित स्टील का उपयोग बांद्रा-वर्ली सी-लिंक, मुंबई में अटल सेतु, अरुणाचल प्रदेश में सेला सुरंग, हिमाचल प्रदेश में अटल सुरंग और राष्ट्रीय महत्व की कई अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के निर्माण में किया गया है। भिलाई में उत्पादित स्टील का उपयोग युद्ध-पोतों और आईएनएस विक्रांत के निर्माण में भी किया गया है। बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए भी बड़ी मात्रा में टीएमटी बार्स की आपूर्ति की गई है। ……………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… भिलाई स्टील प्लांट में सालभर में 31 बाइक चोरी,VIDEO:23 मेन गेट-ऑथराइज्ड पार्किंग से, मैनेजमेंट बोला- हमारी जिम्मेदारी नहीं, कर्मचारी बोले- पुलिस FIR तक सीमित एशिया के सबसे बड़े स्टील प्लांट, भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कर्मचारी बाइक चोरी की समस्या से जूझ रहे हैं। एक साल में 31 बाइक चोरी हो गईं। इनमें से 23 BSP की ऑथराइज्ड पार्किंग से चोरी हुईं। हर महीने 3-4 बाइक चोरी हो रही हैं। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस सिर्फ FIR दर्ज तक ही सीमित है। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

मेजबान श्रीलंका सेमीफाइनल की रेस से बाहर:आज जिम्बाब्वे जीता तो भारत भी बाहर; वेस्टइंडीज पर भी टिकीं टीम इंडिया की उम्मीदें

सैमसंग गैलेक्सी S26 सीरीज लॉन्च, कीमत ₹87,999 से शुरू:प्राइवेसी ऑन करते ही साइड वाले को नहीं दिखेगी स्क्रीन, बड्स 4 सीरीज भी पेश की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *