धमतरी पुलिस ने बदमाशों को पुलिस लाइन बुलाकर कराया परेड:अपराध छोड़ने की दिलाई शपथ, गोलीबारी और चोरी के मुख्य आरोपी अभी भी फरार

धमतरी में पुलिस ने 184 पंजीबद्ध बदमाशों में से 121 को पुलिस लाइन बुलाकर परेड कराई। इस दौरान उन्हें अपराध से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। जिले में डेढ़ महीने पहले हुई आभूषण दुकान में गोलीबारी, रेत खदान में चाकूबाजी और मंदिरों में चोरी की घटनाओं के मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। एसपी के निर्देश पर एएसपी ने बदमाशों से उनके वर्तमान निवास और आजीविका के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों को कड़ी चेतावनी दी कि वे किसी भी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि में शामिल न हों। उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़कर अच्छे आचरण का परिचय देने को कहा गया। साथ ही, परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीने की सलाह दी गई। थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन बदमाशों ने अपराध छोड़ दिया है, जो वृद्ध हो चुके हैं या जिनका आचरण अब अच्छा है, उनके नाम माफी बदमाश की श्रेणी में डालने के लिए वरिष्ठ कार्यालय को भेजें। कई मामलों में अब तक नहीं हुई खुलासे की कार्रवाई करीब डेढ़ माह पहले शहर की एक आभूषण दुकान में दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर व्यापारी की बेटी पर गोली चला दी थी और व्यापारी पर गन की बट से हमला किया था। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अब तक इस मामले में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। इसके अलावा, हाल ही में एक रेत खदान में चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी थाने से ही फरार हो गया। वह अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। छह मंदिरों में हुई चोरी की घटनाएं इसी तरह, शहर के छह मंदिरों में चोरी की घटनाएं हुईं, जहां दान पेटियों से नकदी और आभूषण चुरा लिए गए। लेकिन इन मामलों में भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इस बढ़ते अपराध पर प्रतिक्रिया देते हुए एडिशनल एसपी मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि जिले में सभी निगरानी बदमाशों और संदेहियों को बुलाकर पूछताछ की गई है। सभी पर निगरानी रखी जा रही है और उन्हें सख्त हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड में 184 गुंडा बदमाशों की सूची है, जिनमें से 121 की उपस्थिति दर्ज की गई है, जबकि 63 अनुपस्थित हैं। इनमें से अधिकांश बदमाश इस समय जेल में हैं। सभी बदमाशों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने की शपथ दिलाई गई है। एडिशनल एसपी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अपराधियों पर सख्ती से नजर रखी जा रही है।

More From Author

नेतन्याहू बोले- ट्रम्प को फरवरी में हमले का प्लान बताया:साथ देने का फैसला उनका था; ट्रम्प बोले- अमेरिकी हमलों से ईरान-इजराइल जंग रुकी

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:शुभांशु शुक्ला ISS के लिए रवाना; CBSE 10वीं की परीक्षा अब 2 बार होगी; ईरान ने माना- परमाणु ठिकानों को नुकसान पहुंचा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *