पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अब दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर इलाके में स्थित अभय चौटाला के फॉर्महाउस में रहेंगे। सोमवार शाम को उन्होंने इस्तीफे के 42 दिन बाद उपराष्ट्रपति आवास छोड़ा। धनखड़ और चौटाला परिवार के बीच करीब 40 साल पुराना संबंध रहा है। 1989 में हरियाणा के बड़े जाट नेता और तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने राजस्थान के युवा वकील धनखड़ को फ्यूचर का लीडर कहा था। धनखड़ देवीलाल को अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं। धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए मानसून सत्र के पहले दिन 21 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से वे जनता की नजरों से दूर हैं। वे अब तक संसद भवन के पास उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में रह रहे थे। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था। टाइप-8 बंगला मिलने तक फॉर्महाउस में रहेंगे धनखड़ इस प्राइवेट फार्महाउस में तब तक रहेंगे जब तक उन्हें टाइप-8 सरकारी बंगला आवंटित नहीं कर दिया जाता, जिसके वे पूर्व उपराष्ट्रपति होने के नाते हकदार हैं। धनखड़ के करीबी सूत्रों ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं, टेबल टेनिस खेल रहे हैं और योग का अभ्यास कर रहे हैं। उनके उत्तराधिकारी के चयन के लिए चुनाव 9 सितंबर को होना है। उपराष्ट्रपति चुनाव में, एनडीए द्वारा चुने गए महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्ष के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी से है। 2 दिन पहले पेंशन के लिए आवेदन किया था पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 30 अगस्त को पूर्व विधायक के नाते मिलने वाली पेंशन के लिए राजस्थान विधानसभा सचिवालय में फिर से आवेदन किया है। धनखड़ 1993 से 1998 तक किशनगढ़ सीट से कांग्रेस के विधायक रहे थे। पूर्व विधायक के तौर पर उन्हें जुलाई 2019 तक पेंशन मिल रही थी। जुलाई 2019 में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल बनने के बाद पेंशन बंद हो गई थी। देश के पहले उपराष्ट्रपति जिनके खिलाफ महाभियोग लाया गया था देश में 72 साल के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में धनखड़ पहले ऐसे राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति रहे, जिनके खिलाफ दिसंबर 2024 में महाभियोग प्रस्ताव लाया गया था। जो बाद में तकनीकी कारणों से खारिज हो गया था। विपक्ष धनखड़ पर पक्षपात का आरोप लगाता रहा है। विपक्ष का दावा था कि वह सिर्फ विपक्ष की आवाज व उनके सांसदों द्वारा उठाए गए सवालों को दबाते हैं। उपराष्ट्रपति रहते धनखड़ के चर्चित बयान —————————————– उपराष्ट्रपति पद से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… उपराष्ट्रपति चुनाव- I.N.D.I.A उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी ने नामांकन किया विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सुप्रीम कोर्ट से रिटायर्ड जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी ने 21 अगस्त को नामांकन भरा। रेड्डी ने चार सेट में नामांकन दाखिल किया। खड़गे समेत 20 नेता प्रस्तावक बने। पूरी खबर पढ़ें…
