दुर्ग में 5.8 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार:खेरधा के तालाब किनारे से पुलिस ने की कार्रवाई, कीमत 2.93 लाख

दुर्ग जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामुल थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा बेचते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 5 किलो 876 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 93 हजार रुपये है। पुलिस को गुरुवार दोपहर करीब 2:25 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खेरधा के शीतला तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलावर अली (38 वर्ष), निवासी खेरधा बाजार चौक बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे का कुल वजन 5 किलो 876 ग्राम था। आरोपी इसे अवैध रूप से बेचने की फिराक में था। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस मामले में जामुल थाना में आरोपी दिलावर अली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वैधानिक कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से यह कारोबार कर रहा था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के तार किसी बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।

More From Author

आज की सरकारी नौकरी:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स में 1700 पदों पर भर्ती; SSB में SI की 51 वैकेंसी, झारखंड में डिप्टी कलेक्टर की 45 ओपनिंग्स

सुप्रीम कोर्ट बोला-वनतारा में किसी कानून का उल्लंघन नहीं हुआ:करणार्थम विरम फाउंडेशन की याचिका खारिज; पिछले साल की SIT रिपोर्ट को सही ठहराया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *