यमुना में जहर के आरोपों पर चुनाव आयोग ने गुरुवार को अरविंद केजरीवाल को लेटर लिखकर 5 सवाल पूछे। ECI ने पूछा- यमुना में जहर कौन सा पाया गया है और यह किस जगह मिला। साथ ही केजरीवाल यह भी बताएं कि किन इंजीनियर्स ने इसे डिटेक्ट किया। उन्होंने पानी में जहर को रोकने के लिए क्या किया। चुनाव आयोग ने इन 5 सवालों के जवाब के लिए केजरीवाल को शुक्रवार यानी 31 जनवरी सुबह 11 बजे तक का समय दिया। EC ने कहा है कि अगर केजरीवाल सफाई नहीं देते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। चुनाव आयोग ने कहा कि वे यमुना में बढ़ रहे अमोनिया के लेवल बढ़ने के मुद्दे को यमुना में जहर और सामूहिक नरसंहार के आरोपों से न मिलाएं। इसे दो देशों के बीच युद्ध की कार्रवाई न मानें। आयोग ने कहा कि केजरीवाल अमोनिया के बढ़ते लेवल के मुद्दे को जहर आदि के आरोपों से मिलाए बिना अपना तथ्यात्मक जवाब दें। केजरीवाल इस जवाब में जहर के प्रकार, क्वांटिटी, नेचर और दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों के जहर का पता लगाने के तरीके आदि सबूत पेश करें। दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग, 8 फरवरी को रिजल्ट दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।
