दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित शबद अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल के एक फ्लैट में मंगलवार सुबह आग लग गई। फ्लैट के अंदर एक पिता अपने दो बच्चों (एक लड़का-एक लड़की) के साथ फंस गए थे। बचने के लिए 10 साल के दोनों बच्चों ने बालकनी से छलांग लगाई। उनके साथ उनके पिता यश यादव (35) ने भी छलांग लगा दी। तीनों को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि उन्हें सुबह 10:01 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत आठ फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने बिना देर किए बचाव और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया था। वीडियो में देखे सातवें फ्लोर पर लगी आग… नांगलोई में 6 लोगों ने दूसरी मंजिल से कूदकर जान बचाई थी दिल्ली के नांगलोई में फरवरी में दो मंजिला घर में आग लग गई। दोनों मंजिल आग की चपेट में आ गईं। इस दौरान कई लोग बिल्डिंग में फंस गए। 6 लोगों ने बिल्डिंग के सेकेंड फ्लोर से कूदकर जान बचाई। हालांकि, उन्हें चोट आई है। सभी अस्पताल में एडमिट हैं। घायल लोगों में दो महिलाएं, तीन युवक और एक नाबालिग हैं। बताया जा रहा है ये हादसा गैस लीक होने की वजह से हुआ। घटना का वीडियो अब सामने आया है। कल पिंक लाइन के मेट्रो स्टेशन पर लगा लगी थी सोमवार को दिल्ली के त्रिलोकपुरी-संजय लेक मेट्रो स्टेशन (पिंक लाइन) पर आग लग गई थी। इस घटना के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि स्टेशन की ओर आने वाली ट्रेनों की गति घटाकर 25 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है, जबकि सामान्य गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा होती है। एक्स (X) पर किए गए कई पोस्ट में DMRC ने कहा, ‘लाइन-7 (पिंक लाइन: मजलिस पार्क से शिव विहार) पर आज सुबह 11:20 बजे से एक छोटे हिस्से में सेवाएं सीमित कर दी गई हैं क्योंकि त्रिलोकपुरी-संजय लेक मेट्रो स्टेशन के एक तकनीकी रूम में धुआं पाया गया था।’
