थाईलैंड और कंबोडिया के बीच एक बार फिर हिंसा भड़क गई है। सोमवार सुबह थाईलैंड ने कंबोडिया के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। थाईलैंड का कहना है कि उसने सिर्फ उन सैन्य ठिकानों एयरस्ट्राइक की है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब कुछ महीने पहले ही दोनों देशों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मौजूदगी में शांति समझौता हुआ था। उस वक्त पांच दिन चली लड़ाई में 30 से ज्यादा लोग मारे गए थे, जबकि हजारों लोगों को घर छोड़ना पड़ा था। थाईलैंड के मुताबिक कंबोडिया कई दिनों से सीमा पर भारी हथियार जमा कर रहा था और अपनी सेना को नई जगहों पर तैनात कर रहा था। इसी वजह से उन्हें हवाई हमला करना पड़ा। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से बॉर्डर पर मौजूद एक प्राचीन शिव मंदिर प्रीह विहियर (प्रिय विहार) को लेकर विवाद है। यह मंदिर कंबोडिया की बॉर्डर में है, लेकिन आसपास की जमीन पर दोनों देश अपना अधिकार बताते हैं। कुछ महीने पहले भी दोनों के बीच पांच दिन तक लड़ाई चली थी, जिसमें कई लोग मारे गए थे और लाखों लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे। कंबोडिया बोला- थाई सेना उकसावे वाली हरकत कर रही कंबोडिया ने थाईलैंड के आरोपों को झूठा बताया है। उसका कहना है कि उसने कोई हमला नहीं किया और वह सभी मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना चाहता है। लेकिन थाई सेना कई दिनों से उकसाने वाली हरकतें कर रही है। इस लड़ाई की वजह से बॉर्डर के पास रहने वाले थाईलैंड के बहुत से लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं। थाई सरकार का कहना है कि उसने लगभग 70% नागरिकों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया है। इस दौरान एक नागरिक की मौत भी हुई, लेकिन सरकार का कहना है कि उसकी मौत बीमारी की वजह से हुई है। जानिए थाईलैंड-कंबोडिया के बीच जंग क्यों छिड़ी थी दोनों देशों की सेनाओं के बीच 28 मई को एमरॉल्ड ट्राइंगल पर भिड़ंत हुई थी, जिसमें एक कंबोडियाई सैनिक की मौत हो गई थी। यह वो जगह है थाईलैंड, कंबोडिया और लाओस की सीमाएं मिलती हैं। थाईलैंड और कंबोडिया दोनों ही इस इलाके पर दावा करते हैं। कंबोडियाई सेना के मुताबिक थाई सैनिकों ने सीमा के पास ता मुएन थॉम मंदिर की ओर बढ़त बनाई और उसके चारों ओर कंटीले तार लगा दिए। इसके बाद थाई सैनिकों ने ड्रोन छोड़ा और हवाई फायरिंग की। वहीं, थाई सेना के मुताबिक पहले कंबोडियाई सैनिकों ने संघर्ष शुरू किया। थाईलैंड ने बातचीत के जरिए तनाव कम करने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो गोलीबारी शुरू हो गई। इस खबर को अपडेट किया जा रहा है…
