तांत्रिक ने अनुष्ठान कर पैसों की बारिश दिखाई,VIDEO:बोला- 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बना दूंगा, कैश लेकर भागा, पीड़ितों ने पकड़कर पीटा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक शख्स ने 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा दिया। कथित तांत्रिक विजय कुमार राज (48 साल) ने बिल्हा के सबंलपुरी में कांग्रेस समर्थित सरपंच पति के घर अनुष्ठान का वीडियो बनाया। जिसमें पैसों की गड्डी के सामने नारियल, अगरबत्ती रख पूजा की। फिर अचानक ऊपर से पैसों की बारिश होने लगी। वीडियो देख झांसे में आकर कोरिया के 4 लोगों ने पैसा दे दिया। लेकिन जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो वे अपना पैसा वापस मांगने गए। तब तक तांत्रिक और उसके 4 साथी भाग गए। पीड़ितों ने उन्हें हाईवे में बीच सड़क रोककर पिटाई कर दी। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों पक्ष के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। देखिए झूठे पैसों की बारिश की तस्वीरें अब जानिए क्या है पूरा मामला ? ठगी में कथित तांत्रिक संग 3 महिलाएं और 1 सरपंच पति भी शामिल हैं। आरोपी रिखीराम नवरंग बिल्हा के गांव संबलपुर से सरपंच पति है और कांग्रेस समर्थित है। यह तांत्रिक के अनुष्ठान में सहयोग देता था। विजय कुमार राज खुद को तांत्रिक बताता था। तीनों महिलाएं लोगों को झांसे में लाने का काम करती थी। लाखों रुपयों को करोड़ों में बदलने का दावा करती थी। इसी दावे के साथ 30 जनवरी को कोरिया निवासी 4 युवकों को बिल्हा बुलाया गया, जहां आरोपियों ने ‘पैसों की बारिश’ का नाटक रचा और उनसे ढाई लाख रुपए ठग लिए। ठगी का बदला लूट से लिया तांत्रिक विजय कुमार राज (48) कोरबा जिले के दीपका का रहने वाला है। वह 31 जनवरी को ठगी के पैसों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब साढ़े 3 बजे रतनपुर में एक ढाबे के पास टॉयलेट के लिए उसने अपनी कार रोकी। तभी 2 कार वहां आकर रुकी। जिसमें से ठगी के शिकार हुए 4 पीड़ित युवक उतरे और फिल्मी स्टाइल में विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद हमलावर उसकी कार, 3 मोबाइल और करीब 8 हजार रुपए कैश लूटकर भाग गए। SSP ने लुटेरों को पकड़ने बनाई टीम इस घटना की सूचना मिलते ही SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की। टेक्निकल साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में अंबिकापुर और कोरिया पहुंची। जहां टीम ने 2 फरवरी को लूट मारपीट के चारों आरोपियों सरगुजा और कोरिया से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई कार, मोबाइल, कैश और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा-अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया है। तांत्रिक से बदला लेने की लूटपाट आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि, उन्होंने बदले की भावना से वारदात को अंजाम दिया है। विजय कुमार राज ने तंत्र विद्या और पूजा-पाठ से पैसे बढ़ाने का झांसा दिया था। जिसके बाद उनसे पैसे वसूलकर घूमाने लगा। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो विजय ने देने से इनकार कर दिया। इसी के बाद आरोपियों ने पीछा कर रतनपुर क्षेत्र के मदनपुर के पास मारपीट कर उससे स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल और कैश लूट लिए। लालच में फंसे आरोपी, तांत्रिक के खिलाफ भी कार्रवाई एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि, जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तांत्रिक विजय ने तंत्र-मंत्र के जरिए ठगी की बात पुलिस से छिपाई थी। जबकि, वह खुद भी ठगी का आरोपी निकला। पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। तांत्रिक और उसके सहयोगियों पर बिल्हा थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। वहीं, ठगी के आरोपियों के पास से 1 लाख 85 हजार रुपए बरामद किया गया है। SSP बोले- ऐसे ठगों के झांसे में न आएं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि झाड़-फूंक या तंत्र विद्या से पैसे डबल करने का झांसा देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे दावों के झांसे में न आएं। ऐसे लोग भोले-भाले नागरिकों को लालच देकर ठगी का शिकार बनाते हैं। ……………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… महिला तांत्रिक बोली-11 लाख के 11 करोड़ बना दूंगी: कहा-100 गुना पैसे बरसेंगे, एकादशी के दिन तंत्र-मंत्र, नींबू-सिंदूर लेने बाजार भेजा, कैश लेकर भागा गिरोह छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महाराष्ट्र की महिला तांत्रिक ने 11 लाख के 11 करोड़ बना दूंगी बोलकर 1 लाख की ठगी की। एकादशी के दिन तंत्र-मंत्र विधि से पूजा की। नींबू और सिंदूर नहीं होने की बात बोलकर युवक को बाजार भेजे, फिर 1 लाख रुपए कैश लेकर भाग गए। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

RBI मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग आज से:ब्याज दर में कटौती की उम्मीद कम, अभी रेपो रेट 5.25% पर

MP के 8, UP के 10 जिलों में बारिश:यूपी में कोहरे के कारण 15 गाड़ियां टकराईं; हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी, अटल टनल में एवलांच गिरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *