डकैती-गिरोह के मास्टरमाइंड का शॉर्ट-एनकाउंटर,VIDEO:पैर में लगी गोली, दादा-दादा कहते दर्द में रोते दिखा, जांजगीर में लूटपाट कर लोगों से की थी मारपीट

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह 5 बजे पुलिस ने डकैती गिरोह के मास्टरमाइंड का शॉर्ट एनकाउंटर किया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिससे वो जख्मी हो गया। घायल बदमाश का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वो दादा-दादा कहते और दर्द में रोते हुए नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि, बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस पर मुख्य आरोपी ने देशी कट्टे से फायरिंग की। जबावी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। पुलिस ने इस गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक, 27 और 29 जनवरी को शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में 5 सशस्त्र डकैतों ने लूटपाट की थी। इन घटनाओं में बदमाशों ने लूटपाट के साथ-साथ लोगों पर हमला भी किया था। जिसमें 13 लोग घायल हुए थे। 2 गम्भीर रूप से घायल का बिलासपुर और रायपुर में इलाज चल रहा है। एक कोमा में है। जिसके बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ के बाद गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ का पता चला। जिसके बाद पुलिस ने रामनाथ की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख रामनाथ ने देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। जिससे रामनाथ के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने गिरोह के सभी सदस्यों के खिलाफ डकैती, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घायल रामनाथ से पूछताछ जारी है।एसडीओपी योगिता बाली खापर्डे ने इस घटना की पुष्टि की है। जानिए कौन हैं गिरफ्तार आरोपी पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरप्तार किया है, उनमें निखिल टंडन, मनीराम गोंड, नरेश यादव, रोशन टंडन, आयुष रात्रे सहित अन्य शामिल हैं। 2 नाबालिग को भी पकड़ा गया है। सभी आरोपी राहौद और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। हथियार और सामान जब्त आरोपियों के कब्जे से स्टील रॉड, लोहे के पाइप, डंडे, बेल्ट, बाइक, स्कूटी, मोबाइल फोन और कैश समेत कुल 4.09 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार यही हथियार वारदात में इस्तेमाल हुए। ऐसे देते थे वारदात को अंजाम गिरोह सुनसान और अंधेरे रास्तों पर बाइक से घूमता था। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर रॉड-डंडे से हमला करते थे, जिससे पीड़ित लड़ न सके। इसके बाद मोबाइल और कैश लूटकर फरार हो जाते थे। एक ही रात में कई लोगों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैलाना इनका तरीका था। शिवरीनारायण इलाके की वारदातें 29 जनवरी की रात कचंदा गांव के पास नहर किनारे तीन अलग-अलग जगहों पर राह चलते लोगों को रोका गया। गाली-गलौज कर लोहे की रॉड से हमला किया गया। मोबाइल फोन और कैश लूट ली गई। पामगढ़ इलाके की वारदातें 27 जनवरी की रात जोगिया नाला पुल, मेउ गांव और चेऊडीह के पास भी इसी गैंग ने लोगों को घेरकर पीटा और लूटपाट की। लक्ष्मण यादव को बाइक से गिराकर बेरहमी से पीटा गया और उनका मोबाइल और कैश लूट ली गई।

More From Author

ट्रम्प बोले- भारत ईरान की जगह वेनेजुएला से तेल खरीदेगा:डील पहले ही तय हो चुकी, चीन को भी डील करने के लिए कहा

हफ्ते की टॉप जॉब्स:डाक विभाग में 28,740 वैकेंसी; यंत्र इंडिया लिमिटेड में 3,979 ओपनिंग्स, इस हफ्ते निकलीं 36 हजार से ज्यादा नौकरियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *