अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी को फोन करके 75वें जन्मदिन की बधाई दी। टैरिफ विवाद के बीच दोनों नेताओं के बीच यह पहली बार सीधी बातचीत है। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘अभी-अभी मेरे दोस्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। मैंने उन्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं! वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। नरेंद्र: रूस और यूक्रेन के बीच जंग खत्म करने में आपके सहयोग के लिए धन्यवाद! राष्ट्रपति DJT।’ वहीं, ट्रम्प के पोस्ट के बाद पीएम मोदी ने X पर लिखा, ‘मेरे दोस्त, राष्ट्रपति ट्रम्प, मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फोन कॉल और बधाई के लिए धन्यवाद। आपकी तरह, मैं भी भारत-अमेरिका के बीच व्यापक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। हम यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में आपकी पहल का समर्थन करते हैं।’
