जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में नौगाम पुलिस स्टेशन के अंदर गुरुवार रात करीब 11:20 बजे बड़ा धमाका हुआ है। इसमें 8 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कुछ मौतों की भी आशंका है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची हैं। इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। नौगाम इलाके में 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से जुड़ी जांच हो रही थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक टीम जब्त किए गए अमोनियम नाइट्रेट की पड़ताल के लिए पहुंची थी। फिलहाल अधिकारी इसे आतंकवादी हमला नहीं, बल्कि एक दुर्घटना बता रहे हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विस्फोट उसी आतंकी मॉड्यूल से बरामद विस्फोटक सामग्री के कारण हुआ है, जिसे नौगाम पुलिस ने हाल ही में पकड़ा था। इसी आतंकी मॉड्यूल ने दिल्ली लाल किला में धमाका किया था। धमाके की 4 तस्वीरें… दिल्ली ब्लास्ट में 13 लोगों की मौत हुई लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास 10 नवंबर शाम करीब 6.52 बजे सफेद i20 कार में ब्लास्ट हुआ था। इसमें 13 लोगों की मौत हुई। जबकि 20 लोग घायल हैं, जिनमें से तीन की हालत नाजुक है। केंद्र सरकार ने दिल्ली ब्लास्ट को आतंकी हमला माना है। बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लाल किला के पास हुए टेरर अटैक पर प्रस्ताव पारित किया गया। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
