छत्तीसगढ़ में 2 सड़क हादसों में 6 की मौत:छुईखदान में खाई में गिरा मालवाहक; बलरामपुर में 2 बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर

छत्तीसगढ़ में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई है। शुक्रवार सुबह 10:30 बजे खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में माजदा वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। गाड़ी में सवार 10 लोगों में से 3 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं गुरुवार रात बलरामपुर जिले के ककना में 2 बाइकों में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में 3 युवकों ने दम तोड़ दिया और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। छुईखदान हादसे की तस्वीरें- डैम के पास अनकंट्रोल हुई माजदा छुईखदान क्षेत्र में छिंदारी डैम के पास माजदा वाहन अनकंट्रोल हो गया, वाहन गहरी खाई में जा गिरा। माजदा में सवार सभी लोग तेंदूपत्ता तोड़ने के बाद जंगल से लौट रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। छुईखदान टीआई जितेंद्र बंजारे ने बताया कि फिलहाल शुरुआत जांच जारी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा वाहन की तकनीकी खराबी से हुआ या मानवीय लापरवाही के कारण। इस हादसे में राजेश साहू (28), मंगल चंद (30) और टिक्कू धनकर (31) की मौत हुई है। तीनों मजदूर थे और भरदाकला (छुईखदान) के रहने वाले थे। बलरामपुर में भीषण हादसा- दो बाइक की आमने-सामने टक्कर बलरामपुर में दो बाइकों में भिड़ंत इतनी तेज थी कि 2 युवकों की मौके पर मौत हो गई और एक ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना बरियो चौकी क्षेत्र की है। गुरुवार रात करीब 10 बजे ककना-कल्याणपुर मार्ग में ककना नर्सरी के पास ये हादसा हुआ। एक बाइक में सवार आनंद भुईयां (20 वर्ष) निवासी सिधमा अपने रिश्तेदार लाल बाबू भुइयां (19 वर्ष) के साथ बरियो आया था। दोनों वापस सिधमा जाने के लिए निकले थे। दूसरी बाइक में तुलसी अगरिया (30 वर्ष) अपने साथी कृष्णा खलखो (18 वर्ष) के साथ सिधमा से मदनेश्वरपुर जा रहे थे। तेज रफ्तार में सीधे टकराए दोनों बाइकों की भिड़ंत सीधी सड़क पर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों बाइकों में सवार युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में आनंद भुइयां और तुलसी अगरिया की मौके पर मौत हो गई। दोनों के सिर सहित अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थी। वहीं लाल बाबू भुइयां और कृष्णा खलखो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर बरियो चौकी प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को मालवाहक वाहन से बरियो तक फिर 108 एम्बुलेंस के जरिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा। वहीं दोनों मृतकों का शव राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल का इलाज जारी अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में लाल बाबू भुइयां की इलाज के दौरान मौत हो गई। लाल बाबू भुइयां भेडिया से रिश्तेदारी में सिधमा आया था। कृष्णा खलखो का इलाज किया जा रहा है, उसे भी गंभीर चोटें आई हैं।

More From Author

अरशद वारसी और उनकी पत्नी मारिया शेयर मार्केट से बैन:सेबी ने एक्टर और 57 एंटिटीज पर 1 से 5 साल तक का प्रतिबंध लगाया

नेपाल में एवरेस्ट दिवस पर भारतीय पर्वतारोहियों का सम्मान:किन्नौर के अमित नेगी भी शामिल, अन्नपूर्णा पर्वत पर चढ़ने वाले जिले में पहले युवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *