छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न, रायपुर-सरगुजा में बारिश:धमतरी में ओले गिरे, आज 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की आशंका

छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच सोमवार को कई जिले में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक झुलस गया। धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद तीनों क्षेत्र में ओले गिरे। वहीं, सरगुजा के उदयपुर सहित कई इलाकों में भी बारिश हुई है। राजधानी रायपुर में भी सोमवार देर रात तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई। इस वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। वहीं मौसम विभाग ने देर रात प्रदेश के बड़े हिस्से में येलो अलर्ट जारी किया है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग सहित प्रदेश के कुल 19 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। जारी अलर्ट के मुताबिक इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। बारिश और ओलावृष्टि की कुछ तस्वीरें देखिए… इन जिलों के लिए चेतावनी- मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में इन क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है- सरगुजा संभाग: संभाग के सभी जिले।
बिलासपुर संभाग: संभाग के सभी जिले।
अन्य जिले: रायपुर, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, नारायणपुर और सुकमा। क्यों बदला मौसम? मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक छत्तीसगढ़ होकर गुजर रही द्रोणिका (ट्रफ लाइन) के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसी सिस्टम के असर से प्रदेश के ऊपर बादलों का निर्माण हो रहा है, जिससे अंधड़, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन रही है। आकाशीय बिजली की चपेट में आया घायल सोमवार को गरियाबंद जिले में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हुई है। जिले के सीनापाली गांव में गोविंद पटेल (35) इमली के पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहा था। अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से गोविंद की पीठ झुलस गई। गोविंद ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे मौत छूकर निकल गई हो। बिजली गिरने से विशालकाय पेड़ का एक बड़ा हिस्सा भी झुलस गया। पीड़ित का देवभोग के सरकारी अस्पताल में इलाज करवाया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कैसा रहा मौसम पिछले 24 घंटे में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.5°C राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। रायपुर का मौसम रायपुर में 17 मार्च को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रह सकता है। 5 दिन तक आंधी-तूफान का अलर्ट, फिर मौसम सामान्य छत्तीसगढ़ में 16 मार्च से 20 मार्च तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 21 और 22 मार्च को फिलहाल किसी तरह की चेतावनी नहीं दी गई है। 16 मार्च: गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना 17 मार्च: आंधी-तूफान और तेज हवा का अलर्ट 18 मार्च: गरज-चमक के साथ मौसम खराब हो सकता है 19 मार्च: तूफानी हवाएं और बिजली गिरने की आशंका 20 मार्च: इसी तरह का मौसम बना रह सकता है 21 मार्च: कोई विशेष चेतावनी नहीं 22 मार्च: मौसम सामान्य रहने की संभावना

More From Author

जंग के बीच आज भारत पहुंचेंगे दो और जहाज:’नंदा देवी’ और ‘जग लाडकी’ LPG और क्रूड ऑयल लेकर आएंगे; शिवालिक जहाज कल पहुंचा था

ईशान कर सकते हैं SRH की कप्तानी:कमिंस बैक इंजरी के कारण शुरुआती मैचों से बाहर; झारखंड को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी दिलाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *