चीन में महिलाओं से संबंध रखने पर महंत बर्खास्त:शाओलिन मंदिर के प्रमुख पर कई बच्चे पैदा करने का आरोप; बौद्ध संघ ने मान्यता रद्द की

चीन के मशहूर शाओलिन मंदिर के प्रमुख महंत शी योंगक्सिन को बर्खास्त कर दिया गया है। उन पर मंदिर की संपत्ति और फंड के गबन, कई महिलाओं से अवैध संबंध रखने और नाजायज बच्चों के पिता होने जैसे संगीन आरोप लगे हैं। चाइना डेली की रिपोर्ट के मुताबिक कई सरकारी एजेंसियां मिलकर इन आरोपों की जांच कर रही हैं। इस बीच चीन के बौद्ध संघ ने सोमवार को उनका दीक्षा प्रमाणपत्र छीन लिया है। संघ ने अपने बयान में कहा कि शी योंगक्सिन के कामों ने बौद्ध समुदाय की प्रतिष्ठा और भिक्षुओं की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। महंत पर बौध धर्म के सिद्धांतों का उल्लंघन करने का आरोप महंत की गतिविधियां बौद्ध धर्म के सिद्धांतों का खुला उल्लंघन मानी जा रही हैं। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने कहा है कि जो भी जानकारी सामने आएगी, उसे समय-समय पर जनता के साथ साझा किया जाएगा। शाओलिन मंदिर सेंट्रल चाइना के हेनान प्रांत की पहाड़ियों में स्थित है। 1500 साल पुराना यह मंदिर सिर्फ धार्मिक कारणों से ही नहीं बल्कि अपनी मार्शल आर्ट परंपरा खासकर कुंग फू के लिए दुनियाभर में मशहूर है। हर साल देश-विदेश से लाखों लोग इस बौध धर्म के इस मंदिर को देखने आते हैं। योंगक्सिन ने शाओलिन को दुनियाभर में मशहूर बनायाशी योंगक्सिन 1999 से शाओलिन मंदिर के मठीधीश हैं। उन्होंने इस मंदिर को एक तरह से आधुनिक बिजनेस मॉडल में बदल दिया, जिसके चलते उन्हें ‘CEO मोंक’ कहा जाने लगा। उनके नेतृत्व में मंदिर ने विदेशों में स्कूल खोले और मोंक (भिक्षुओं) का एक ग्रुप बनाया जो दुनियाभर में शाओलिन कुंग फू शो करता है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब योंगक्सिन विवादों में आए हैं। सबसे पहले साल 2006 में एक स्थानीय सरकार ने उन्हें लगभग 1 मिलियन युआन (करीब $125,000) मूल्य की एक वोक्सवैगन SUV उपहार में दी थी। तब माना गया कि शी ने स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद की थी, जिससे खुश होकर सरकार ने उन्हें यह गिफ्ट किया है। हालांकि तब योंगक्सिन ने इसे एक गिफ्ट बताया और कहा कि उन्होंने कोई व्यक्तिगत लाभ नहीं लिया गया। पहले भी महिलाओं से नाजायज संबंध रखने के आरोप लगे इसके बाद साल 2015 में उनके एक पूर्व शिष्य ने दावा किया था कि शी योंगक्सिन ने कई महिलाओं से नाजायज संबंध बनाए हैं और उनकी संतानें भी हैं। इस पर उन्होंने कहा था कि ये आरोप झूठे और आधारहीन हैं। बाद में कोई सबूत न मिलने पर ये आरोप खारिज हो गए थे। इसके बाद उन पर मंदिर से जुड़े प्रोजेक्ट और संपत्ति का दुरुपयोग करने और उनसे व्यक्तिगत लाभ लेने का आरोप लगा। उन पर आरोप था कि उन्होंने नकली रसीदें जारी कर और अपनी पहचान छिपाकर वित्तीय गड़बड़ी की। हालांकि इसके भी कोई सबूत नहीं मिले। योंगक्सिन ने एक बार सोने के धागे से बना कड़ा भी पहना था जिसे लेकर उनकी आलोचना हुई थी। कुछ रिपोर्ट्स में इसकी कीमत 25000 डॉलर बताई गई थी। बौद्ध धर्म में भिक्षुओं से सादगी और सांसारिक भोगों से दूर रहने की अपेक्षा की जाती है। आलोचकों ने कहा कि एक मठाधीश, जिसे साधु जीवन जीना चाहिए, जब इतना भड़कीला, महंगा वस्त्र पहनता है, तो वह धर्म की गरिमा और मंदिर की परंपरा को धूमिल करता है। बीबीसी चाइनीज को दिए एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि उन पर इतने गंभीर आरोप क्यों लगे हैं, तो उन्होंने कहा था, “अगर वाकई कुछ गड़बड़ होती, तो अब तक सामने आ गई होती।” आरोप- शाओलिन का इस्तेमाल पैसे कमाने के लिए किया योंगक्सिन पर यह भी आरोप लगता है कि उन्होंने शाओलिन मंदिर को एक धार्मिक स्थल की बजाय एक व्यवसायिक संस्था की तरह चलाना शुरू कर दिया। वे मंदिर से जुड़े भिक्षु कुं फू के लाइव शो को दुनियाभर में करने लगे। शाओलिन के नाम का इस्तेमाल कई हॉलीवुड फिल्मों, टीवी शोज और वीडियो गेम्स में हुआ। इसे प्रचार-प्रसार और पैसे कमाने का जरिया माना गया। साल 2015 में शाओलिन मंदिर एक और विवाद में आया था जब उसने लगभग 30 करोड़ डॉलर की लागत से एक विशाल मंदिर परिसर बनाने की योजना बनाई थी। उन्होंने परियोजना के लिए 1,200 हेक्टेयर जमीन खरीदी। इस परियोजना में एक होटल, कुंग फू स्कूल और एक गोल्फ कोर्स शामिल था। कहा गया कि इससे दुनियाभर में शाओलिन परंपरा को फैलाने में मदद मिलेगी। हालांकि इसकी काफी आलोचना हुई। इसके बाद योंगक्सिन ने कहा कि परिसर का इस्तेमाल सिर्फ ध्यान, कुंग फू और खेती करने में होगा।

More From Author

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा:PM मोदी संसद पहुंचे; राजनाथ थोड़ी देर में बहस शुरु करेंगे; विपक्ष का हंगामा

छत्तीसगढ़ में 2 नन की गिरफ्तारी…संसद के बाहर प्रदर्शन:राहुल गांधी बोले-ये BJP-RSS का भीड़तंत्र; विपक्ष बोला-अल्पसंख्यकों को बदनाम कर रहे, धर्मांतरण-मानव-तस्करी के आरोप झूठे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *