अभिषेक शर्मा दो दिन से अस्पताल में एडमिट:पेट की समस्या से जूझ रहे, नामीबिया के खिलाफ खेलना मुश्किल; बुमराह की वापसी तय

भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हैं और गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में उनका खेलना संदिग्ध हो गया है। पीटीआई ने बुधवार सुबह अपनी रिपोर्ट में बताया कि अभिषेक पिछले दो दिनों से अस्पताल में हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘अभिषेक को पेट के संक्रमण के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समस्या की सही जानकारी के लिए कुछ जांच की जा रही हैं। यह अभी साफ नहीं है कि उन्हें आज छुट्टी मिलेगी या नहीं। फिलहाल नामीबिया के खिलाफ मैच में उनका खेलना मुश्किल लग रहा है। अभिषेक को पेट की समस्या होने की जानकारी पहले से थी। मुंबई में अमेरिका के खिलाफ मैच के दौरान जब वे फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे, तब भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने पुष्टि की थी कि वह पेट की परेशानी से उबर रहे हैं। टीम मैनेजमेंट भी उन्हें लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता। बुमराह की वापसी तय इस बीच जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर राहत भरी खबर आई है। टेन डेशकाटे ने बताया कि बुमराह ने करीब 10 दिन बाद गेंदबाजी शुरू की है। वे पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनकी मूवमेंट में भी सुधार दिखा है। करीब एक घंटे के अभ्यास के बाद बुमराह ने नेट्स में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को लगभग 25 मिनट तक गेंदबाजी की। इस दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। बाद में रिंकू सिंह, शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या भी बल्लेबाजी के लिए नेट्स में उतरे। संजू सैमसन को मिल सकता है मौका मैच से दो दिन पहले हुए अभ्यास सत्र में भारत ने संभावित प्लेइंग इलेवन क्रम के हिसाब से बल्लेबाजी कराई। फ्लडलाइट्स में ईशान किशन सबसे पहले बल्लेबाजी के लिए उतरे और उनके साथ संजू सैमसन ने पेस बॉलिंग नेट्स में अभ्यास किया। दोनों बल्लेबाजों ने हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह की गेंदों का सामना किया। नामीबिया के तेज गेंदबाज रुबेन ट्रम्पलमैन जैसी एंगल तैयार करने के लिए टीम ने एक लंबे कद के लेफ्ट आर्म नेट गेंदबाज को भी लगाया। स्पिन नेट्स में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव साथ बल्लेबाजी करते नजर आए, जिसे भारत के संभावित टॉप-4 क्रम का संकेत माना जा रहा है। संजू को टीम का पूरा समर्थन पिछले कुछ हफ्तों में संजू सैमसन के लिए परिस्थितियां बदली हैं। मुंबई में खेले गए पहले वर्ल्ड कप मैच में उन्हें ओपनर के तौर पर मौका नहीं मिला। इस पर टेन डेशकाटे ने साफ कहा कि चयन को लेकर टीम को ईमानदार रहना होता है। संजू को पूरा समर्थन मिला, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में ईशान के प्रदर्शन के बाद पहले मैच का चयन स्पष्ट था। उन्होंने यह भी कहा कि टूर्नामेंट लंबा है और सभी 15 खिलाड़ी टीम के लिए अहम हैं। नेट्स में संजू ने करीब 30 मिनट तक तेज गेंदबाजों का सामना किया। शुरुआत में वे थोड़ा सतर्क दिखे, लेकिन बाद में उनकी टाइमिंग बेहतर होती गई। स्पिन के खिलाफ उनका आत्मविश्वास ज्यादा नजर आया, जो नामीबिया के लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज के खिलाफ काम आ सकता है। हसरंगा टूर्नामेंट से बाहर उधर श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर वनिंदू हसरंगा चोट के कारण टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। आयरलैंड के खिलाफ ओपनिंग मैच के दौरान उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। MRI स्कैन में मांसपेशी में गंभीर खिंचाव की पुष्टि हुई। उस मैच में हसरंगा ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट लिए थे और अपना स्पेल पूरा किया था, लेकिन बाद की जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया गया। ICC ने अभी आधिकारिक रिप्लेसमेंट को मंजूरी नहीं दी है, मगर टीम मैनेजमेंट उनकी जगह लेग स्पिन ऑलराउंडर दुशन हेमंथा को शामिल करने की योजना बना रहा है। 31 वर्षीय हेमंथा ने अब तक तीन टी-20 इंटरनेशनल खेले हैं, जिनमें चार विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट 7.85 रहा है। अतिरिक्त स्पिन विकल्प न होने के कारण उन्हें सीधे प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। श्रीलंका का अगला मुकाबला 12 फरवरी को पल्लेकेले में ओमान से होगा। इसके बाद टीम 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और 19 फरवरी को कोलंबो में जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। न्यूजीलैंड के ब्रेसवेल भी बाहर, रिप्लेसमेंट का इंतजार
न्यूजीलैंड को भी बड़ा नुकसान हुआ है। ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल पिंडली की मांसपेशी खिंचने के कारण बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट 8 फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। हालांकि, न्यूजीलैंड ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट प्लेयर को नहीं चुना है।

More From Author

सेंसेक्स में 100 अंक की तेजी:84,400 पर कारोबार कर रहा; निफ्टी भी 50 अंक चढ़ा, ऑटो और IT शेयरों में खरीदारी

सेंसेक्स में 100 अंक की तेजी:84,400 पर कारोबार कर रहा; निफ्टी भी 50 अंक चढ़ा, ऑटो और IT शेयरों में खरीदारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *