छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा मार्च के आखिरी सप्ताह से शुरू होगी। एलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से हफ्ते में दो दिन सोमवार और बुधवार को फ्लाइट चलाएगी। यह उड़ान बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। फिलहाल एलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली के बीच हफ्ते में तीन दिन सेवा दे रही है। करीब दो साल पहले कंपनी के अधिकारी अंबिकापुर आकर एयरपोर्ट की सुविधाओं का जायजा ले चुके थे। एलायंस एयर 72 सीटर ATR विमान का संचालन करेगी। अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में हवाई सेवा की शुरुआत हुई थी। उड़ान 4.2 योजना के तहत फ्लाई बिग कंपनी ने मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी। लेकिन शुरुआती दिनों में अनियमित उड़ान के कारण यह सेवा केवल छह महीने तक ही चल सकी। पिछले छह महीने से अधिक समय से इसका संचालन पूरी तरह बंद है। सप्ताह में दो दिन उड़ान, शेड्यूल जारी एलायंस एयर फिलहाल सोमवार और बुधवार को अंबिकापुर–दिल्ली–अंबिकापुर (वाया बिलासपुर) उड़ान संचालित करेगी। फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया गया है। सोमवार को फ्लाइट संख्या 91613 सुबह 7:50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10:25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। बिलासपुर से 10:50 बजे उड़ान भरकर 11:40 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। अंबिकापुर से 12:05 बजे रवाना होकर 14:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को यही फ्लाइट सुबह 7:50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10:25 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। अंबिकापुर से 10:50 बजे रवाना होकर 11:40 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। बिलासपुर से 12:05 बजे उड़ान भरकर 14:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी। 4500 से 6000 रुपए तक हो सकता है किराया 2 साल पहले एलायंस एयर ने अंबिकापुर और बिलासपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। फिलहाल कंपनी बिलासपुर से दिल्ली के बीच मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को उड़ान संचालित कर रही है। अब सोमवार को भी फ्लाइट जोड़ी जाएगी। फ्लाइट का बेस फेयर 4500 से 6000 रुपए के बीच रहने का अनुमान है। बिलासपुर–दिल्ली मार्ग पर सामान्यतः बेस फेयर 4000 रुपये से अधिक रहता है। सांसद ने किया स्वागत, इंडिगो से भी चर्चा सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि एलायंस एयर की हवाई सेवा शुरू होना स्वागतयोग्य कदम है। इंडिगो के साथ भी चर्चा हुई है और दो बार मुख्यमंत्री के साथ बैठक हो चुकी है। इंडिगो रायपुर से अंबिकापुर होते हुए प्रयागराज तक उड़ान शुरू करने की दिशा में प्रयास कर रही है। सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में भी उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। जानिए एलायंस एयर के बारे में एलायंस एयर देश की प्रमुख घरेलू विमानन कंपनियों में से एक है। पहले यह एयर इंडिया के स्वामित्व में थी। एयर इंडिया के विनिवेश के बाद यह भारत सरकार की स्वतंत्र व्यावसायिक इकाई के रूप में कार्य कर रही है। वर्तमान में एलायंस एयर प्रतिदिन 137 घरेलू उड़ानें संचालित करती है और 57 शहरों को जोड़ती है। कंपनी रायपुर से हैदराबाद और जगदलपुर के लिए भी हवाई सेवा दे रही है। ………………………….. यह खबर भी पढ़ें… दरिमा एयरपोर्ट पर 72 सीटर विमान का ट्रायल रन: एलाइंस एअर सरगुजा-बिलासपुर से शुरू करेगी हवाई सेवा, वाराणसी-कोलकाता और दिल्ली-हैदराबाद की भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी सरगुजा जिले के दरिमा एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू करने की डीजीसीए की अनुमति के बाद एलाइंस एअर ने मंगलवार को 72 सीटर प्लेन उतारकर ट्रायल रन पूरा कर लिया। एलाइंस एअर का 72 सीटर प्लेन बिलासपुर से उड़ान भरकर दरिमा में उतरा। पढ़ें पूरी खबर…
