सरगुजा जिले के अंबिकापुर में स्थित संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत हो गई। 14 हिरणों की मौत शनिवार को हुई, जबकि एक घायल हिरण ने रविवार को दम तोड़ दिया। घटना के बाद पार्क को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। सरगुजा डीएफओ अभिषेक जोगावत ने घटना की पुष्टि की। मामले में लापरवाही सामने आने पर सीसीएफ दिलराज प्रभाकर ने डिप्टी रेंजर सहित 4 कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। जिन कर्मियों को सस्पेंड किया गया है, उनमें डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा, वनपाल ममता परते, प्रतीमा लकड़ा, बिंदू सिंह शामिल हैं। इसके अलावा सीसीएफ दिलराज प्रभाकर ने अंबिकापुर के रेंजर अक्षपलक ऋषि को नोटिस जारी कर 5 दिनों के भीतर जवाब मांगा है, अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। देखिए पहले ये तस्वीरें- जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार की रात संजय पार्क के पास लगे जंगल से कुछ आवारा कुत्ते परिसर में घुस गए। कुत्ते हिरणों के बाड़े तक पहुंच गए और वहां मौजूद हिरण, सांभर और कोटरियों पर हमला कर दिया। इस हमले में 14 हिरणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया था। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पार्क कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वन विभाग ने पशु चिकित्सकों को बुलाकर सभी मृत हिरणों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शवों का सुरक्षित निस्तारण किया गया। घायल हिरण की भी रविवार को मौत होने के बाद पोस्टमार्टम कर निस्तारण किया गया। जांच के आदेश, 24 घंटे में रिपोर्ट DFO अभिषेक जोगावत ने बताया कि घटना की जांच के लिए अंबिकापुर एसडीओ फॉरेस्ट के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। 24 घंटे में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पार्क में अब बचे 16 हिरण, सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी डीएफओ ने बताया कि पार्क में 31 हिरण थे, जिनमें से 15 की मौत हो चुकी है। अब 16 हिरण बाकी हैं। पूरे पार्क को सैनेटाइज किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी है। पार्क में हिरणों के अलावा मोर सहित अन्य पक्षी और जानवर भी हैं। 5 साल पहले 60 हिरणों को किया गया था ट्रांसफर करीब 5 साल पहले संजय पार्क में 75 से अधिक हिरण थे। इनमें से 60 हिरणों को रमकोला क्षेत्र के नेशनल पार्क में छोड़ा गया था। इसके बाद संख्या बढ़कर 31 तक पहुंच गई थी। …………………………. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… सूरजपुर में हाथी की मौत…केंद्र ने राज्य-सरकार से मांगी रिपोर्ट: एक्टिविस्ट की शिकायत पर एक्शन;पिछले 7 सालों में 63 हाथियों की जा चुकी है जान छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के करंजवार में 13 मार्च की सुबह खेत में 15 साल के हाथी की मौत के मामले में केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है। वन्यजीव एक्टिविस्ट अजय दुबे की शिकायत के बाद पर्यावरण, वन-जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (प्रोजेक्ट एलीफेंट डिवीजन) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जानकारी तलब की है। पढ़ें पूरी खबर…
